home page

आंगनवाड़ियों को किराए के भवनों में संचालन पर सांसद संध्या राय नाराज, जताई चिंता

 | 
आंगनवाड़ियों को किराए के भवनों में संचालन पर सांसद संध्या राय नाराज, जताई चिंता


दतिया, 1 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को सांसद संध्या राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान पिछली दिशा बैठक के निर्णयों पर समय पर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने वाले विभागों को लेकर सांसद ने नाराजगी जताई।

सांसद राय ने कहा कि कई विभागों द्वारा बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जो गंभीर विषय है। इस पर कलेक्टर वानखड़े ने संबंधित विभागों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। बैठक में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री और एसडीओ की अनुपस्थिति पर भी सांसद ने नाराजगी व्यक्त की और दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

किराए के भवनों में चल रही आंगनवाड़ियों पर चिंतामहिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद राय ने कहा कि जिले की कई आंगनवाड़ियां किराए के भवनों में संचालित हो रही हैं, जहां मूलभूत व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं। उन्होंने आंगनवाड़ियों की स्थिति सुधारने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर वानखड़े ने बताया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा और निरीक्षण किया जा रहा है। बंद पड़ी योजनाओं को भी दोबारा शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मदरसों की शिकायतों की जांच के निर्देशबैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा कुछ मदरसों से संबंधित शिकायतें रखी गईं। इस पर सांसद ने संबंधित मामलों की जांच और निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सांसद ने भांडेर स्थित बालक-बालिका छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने उनाव मंदिर परिसर का निरीक्षण कर निर्माणाधीन रेस्ट हाउस को तय समय सीमा में पूरा करने को कहा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कलेक्टर को निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा