मप्रः समारोह में नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव तो नाराज हुए संत, वीडियो कॉल कर मांगी माफी
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शरद पूर्णिमा कार्यक्रम को वर्चुअली किया संबोधित
भोपाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में समर्पण सेवा समिति सलकनपुर के शरद पूर्णिमा महोत्सव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव नहीं पहुंचे, तो आयोजक संत नाराज हो गए। इसकी जानकारी होने पर मुख्यमंत्री वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए समारोह से जुड़े। इस दौरान उन्होंने क्षमा मांगते हुए संत की नाराजगी दूर करने की कोशिश की।
दरअसल, सलकनपुर की समर्पण सेवा समिति हर साल शरण पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन करता है। इसी महोत्सव में संघ से जुड़े प्रभाकर राव केलकर तथा भागवत शरण माथुर की स्मृति में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया था। इसमें जैविक कृषि, गौसेवा तथा नर्मदा सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाना था। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मुख्य अतिथि बनाया गया था, लेकिन मुख्यमंत्री नहीं पहुंच पाए।
आश्रम के प्रमुख उत्तम स्वामी महाराज जब मंच पर वक्तव्य देने पहुंचे तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि मैंने उन्हें बुलाया था, लेकिन वे नहीं पहुंचे। जिसके पास सेवा के लिए दो घंटे का समय नहीं, उससे हमारा क्या वास्ता। इसकी सूचना मुख्यमंत्री तक पहुंचाई गई तो उन्होंने बिना देर किए उन्हें वीडियो कांफ्रेंसिंग से जोड़ने की व्यवस्था करने को कहा। थोड़ी देर में मुख्यमंत्री ऑनलाइन थे। सबसे पहले उत्तम स्वामी से माफी मांगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज नाराज मत होइए।
नर्मदा यात्रियों और गौ माता की सेवा करने वालों की भूमिका प्रशंसनीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए कहा कि मां बिजयासन की छत्रछाया में सलकनपुर क्षेत्र में नर्मदा यात्रियों की सेवा और गौ माता की सेवा के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। राष्ट्र सेवी स्व. भगवत शरण माथुर और स्व. प्रभाकार राव केलकर की स्मृति में सेवाभावियों को सम्मानित करने का कार्य प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारी गण को शरद पूर्णिमा पर हुए इस विशेष कार्यक्रम के लिए बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
समर्पण सेवा समिति, सलकनपुर ने शरद पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर स्व. प्रभाकर राव केलकर की स्मृति तथा स्व. भगवत शरण माथुर की स्मृति में गोवंश आधारित जैविक कृषि पुरस्कार और उत्कृष्ट नर्मदा सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जानकारी दी गई कि समिति द्वारा उत्तम स्वामी के निर्देशन में नर्मदा परिक्रमा वासियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद माया नारोलिया, उत्तम स्वामी महाराज तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

