सागर: किसान, युवा और महिलाओं के परिश्रम से आत्मनिर्भर बन रहा मध्य प्रदेश- मंत्री गोविंद सिंह राजपूत
सागरए 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश विकासशील राज्य की श्रेणी से निकलकर अब तेजी से विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। यह खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को 71वें मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सागर में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।
सागर स्थित संदीपनि विद्यालय में आयोजित राज्योत्सव समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राजपूत ने प्रदेशवासियों को बधाई दी और विकास की नई राह पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती का स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए देश के एकीकरण की परिणति से ही मध्यप्रदेश का गठन संभव हुआ।
मध्यप्रदेश भारत का हृदय प्रदेश है और सागर इस प्रदेश का दिल है। आज टाइगर और चीता स्टेट के रूप में अपनी पहचान बना चुका मध्यप्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क और पानी जैसे हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है।- गोविंद सिंह राजपूत, मंत्री (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति)
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई उद्योग नीति के कारण राज्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में भारी निवेश आ रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
समारोह में सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश के साथ-साथ सागर भी एक विकसित जिले के रूप में उभर रहा है। बुंदेलखंड में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है। देश की जीडीपी में राज्य का महत्वपूर्ण योगदान है और दलहन-तिलहन उत्पादन तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड गेहूं उपार्जन में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
महापौर संगीता तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि समृद्ध जनजातीय व आंचलिक संस्कृति मध्यप्रदेश की पहचान है। उन्होंने सागर को उद्यम केंद्र बनाने के साथ-साथ स्वच्छ जल स्रोतों के संरक्षण और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की।
स्थापना दिवस समारोह में प्राकृतिक एवं जैविक खेती, मक्का सायलेज यूनिट, एफपीओ गठन और आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग जैसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया, देवेन्द्र पाण्डेय (मढखेरा, जैसीनगर), अरविन्द तिवारी (रहली), भूपेन्द्र ठाकुर (ढाना, सागर), करण यादव (सिमरिया, शाहगढ़), राहुल सिंह ठाकुर (पीपरा, राहतगढ़), हर प्रसाद पटेल (कंकरकुईया, जैसीनगर), उमेश पटेल (गुलौआ, बीना) आदि।
कार्यक्रम के दौरान क्विज प्रतियोगिता के भाग्यशाली विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए। जय हिंद राजपूत छिरारी (मालथौन) को ट्रैक्टर, संदेश ठाकुर सेमरखेड़ी (बीना) को बुलेट मोटरसाइकिल, यश जैन खिमलासा (खुरई) को ई-स्कूटर मिला है।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के गायन के साथ हुआ। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय एवं सांदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, संभाग कमिश्नर दिलीप कुमार, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

