रीवाः विश्व महिला दिवस पर आज विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन
रीवा, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में आज रविवार को विश्व महिला दिवस के अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंध में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि विशेष ग्राम सभा में बाल विवाह रोकने की शपथ ली जाएगी। आंगनवाड़ी केन्द्रों से पोषण आहार के वितरण, पॉक्सो अधिनियम, स्पॉन्सरशिप योजना तथा महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से जुड़े प्रस्ताव एजेण्डा में शामिल किए जाएंगे। ग्राम सभा में एनिमिक महिलाओं एवं किशोरियों के उपचार, स्वच्छता, क्षय उन्मूलन, खसरा उन्मूलन संबंधी विषय भी शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में कार्यबल में महिलाओं की श्रमिकों की भागीदारी बढ़ाने, संबल योजना में पंजीयन तथा पीएम श्रमयोगी एवं मानधन योजना में पंजीयन की जानकारी दी जाएगी। ग्राम सभा में एक बगिया माँ के नाम योजना, मनरेगा से महिला मजदूरों को रोजगार के अवसर देने, वीबी जीरामजी अधिनियम 2025, महिलाओं के सशक्तिकरण, डिजिटल सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में प्रस्ताव रखे जाएंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रत्येक ग्राम सभा के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर शासन के निर्देशों के अनुरूप विश्व महिला दिवस पर विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कराएंगे। ग्राम सभा के आयोजन के बाद प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। विशेष ग्राम सभा में अच्छा कार्य करने वाली महिलाओं तथा महिला स्वसहायता समूहों को सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

