सुनियोजित विकास का सपना लेकर आगे बढ़ रहा है रीवा : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
- उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने लोक निर्माण भवन का किया लोकार्पण
भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा सुनियोजित विकास का सपना लेकर आगे बढ़ रहा है। सिंचाई की सुविधाओं, सड़कों के निर्माण एवं अधोसंरचना विकास के साथ ही अन्य विकास के सभी कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने यह बात सोमवार को रीवा में 350.16 लाख रुपये की लागत से मध्य प्रदेश पुनर्घनत्वीकरण योजना से निर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग का अत्याधुनिक कार्यालय भवन विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए एक सौगात है। अच्छे कार्यालय में बैठकर वह बेहतर मन: स्थिति के साथ अधिक ऊर्जा से अपने कार्यों का संपादन कर सकेंगे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि पीडब्ल्यूडी कार्यालय में मुख्य अभियंता से लेकर अन्य अधिकारी और कर्मचारी एक ही छत के नीचे बैठेंगे तो उन्हें भी कार्य करने में आसानी होगी और लोगों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि रीवा में आधुनिक जरूरतों को पूरी करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। हमें स्वस्थ रहने के लिए भारतीय प्राचीन परंपरा में लौटना होगा और प्राकृतिक खेती को अपनाना होगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित जीवनशैली व शुद्ध खानपान से ही विकास का फल आनंदपूर्वक लिया जा सकेगा। रीवा जिला गौ संरक्षण के साथ ही प्राकृतिक खेती की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शरीर व जमीन को स्वस्थ रखने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाना आवश्यक है।
इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन में मुख्य अभियंता केके लक्षे ने कहा कि विभाग को भव्य और बेहतरीन भवन मिल गया है। हमारे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरी गुणवत्ता के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करेंगे।
तकनीकी प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कार्यपालन यंत्री हाउसिंग बोर्ड अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि 1450 वर्गमीटर में 350.16 लाख रुपए की लागत से तीन तल का लोक निर्माण विभाग का कार्यालय भवन निर्मित किया गया है। उप मुख्यमंत्री ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पार्षद अनीता वर्मा, अमिता सिंह, ज्योति सिंह, राजीव शर्मा, मण्डल अध्यक्ष गौरव पाण्डेय, सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक डॉ. राजेश मिश्र, कार्यपालन यंत्री नितिन पटेल, हिमांशु वर्मा, संविदाकार राजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय शुक्ला ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

