home page

रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा

 | 
रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा


रीवाः उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा


भोपाल, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को रीवा में न्यू सर्किट हाउस राजनिवास में आयोजित बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने हिनौती गौधाम में 25 हजार गौवंश के संरक्षण के लिये शेड निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि शेड निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण हो तथा समय सीमा में पूरा हो। उप मुख्यमंत्री ने बाउण्ड्रीबाल निर्माण सहित शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य में सभी औपचारिकताओं की पूर्ति सुनिश्चित कराकर कार्य को गति देने के निर्देश दिये। बैठक में अजगरहा से इटहा, नीम चौराहा से मनकहरी तथा गड्डी रोड के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान अद्यतन स्थिति की उप मुख्यमंत्री ने जानकारी ली। उन्होंने सभी तालाब के रखरखाव तथा उसके उन्नयन एवं चिरहुला मंदिर मार्ग विकास व परिसर विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे, एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्राकृतिक खेती का किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को हरिहरपुर धाम में प्राकृतिक खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राकृतिक रूप से उगाई गई पालक व चुंकदर की खेती को देखा तथा निर्माणाधीन वायो इनपुट सेंटर मल्टी वेयर फार्मिंग प्रकल्प का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिये।

रीवा जिले में प्राकृतिक खेती का बसामन मामा सहित हरिहरपुर में भी किसानों के लिये प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किया गया है। जहां प्राकृतिक खेती की जा रही है और साथ ही साथ किसानों को प्राकृतिक खेती के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

उप मुख्यमंत्री ने आमजनों से की भेंट

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अमहिया निवास रीवा में आमजनों से भेंट की। उन्होंने लोगों को होली की बधाई दी तथा उनकी समस्यायें सुनीं। उप मुख्यमंत्री ने प्राप्त आवेदनों पर तत्काल समाधान कारक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर