वृद्धजनों का सम्मान और उनकी देखभाल करना प्रत्येक संतान का नैतिक दायित्वः राज्यपाल पटेल
- विदिशा में ब्रह्माकुमारीज के गौरवपूर्ण एवं वृद्धावस्था सम्मानित जीवन कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यपाल
विदिशा, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि वृद्धावस्था में माता-पिता कई कार्यों के लिए अपने बच्चों पर आश्रित हो जाते हैं। ऐसे समय में संतान का दायित्व है कि वे माता-पिता की विशेष देखभाल करें, उनकी आवश्यकताओं को समझें और उन्हें भावनात्मक संबल प्रदान करें।
राज्यपाल पटेल शनिवार को विदिशा में ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित संगम - गौरवपूर्ण एवं वृद्धावस्था सम्मानित जीवन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का मुख्य विषय वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन रहा। इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने वृद्धजनों के सम्मान, उनकी देखभाल, पारिवारिक जिम्मेदारियों तथा समाज में बुजुर्गों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता का स्थान सर्वोच्च माना गया है। माता-पिता अपने बच्चों के पालन-पोषण और बेहतर भविष्य के लिए जीवनभर अनेक त्याग और संघर्ष करते हैं। वे बचपन से ही बच्चों की आवश्यकताओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और खुशियों का विशेष ध्यान रखते हैं, लेकिन आजकल बच्चे बड़े होने के बाद शनैः-शनैः अपने माता-पिता का उतना ध्यान नहीं रख पाते, जितना माता-पिता ने बचपन में उनका रखा होता है। यह स्थिति चिंतन का विषय है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में अनेक कारणों से शारीरिक कमजोरियां आ जाती हैं। इस अवस्था में संतान का दायित्व है कि वे माता-पिता की विशेष देखभाल करें। बुजुर्गों को केवल शारीरिक सहयोग ही नहीं, बल्कि परिवार में सम्मान, अपनापन और आत्मीयता का अनुभव कराना भी जरूरी है, जिससे वे मानसिक रूप से सशक्त बने रहें और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
प्रवचनों को जीवन के व्यवहार में उतारने की आवश्यकता
राज्यपाल पटेल ने कहा कि हम अपने जीवन में साधु-संतों के मानवीय कल्याण से जुड़े प्रवचनों को सुनते और समझते हैं, लेकिन कई बार उन विचारों को अपने व्यवहार और आचरण में नहीं उतार पाते। केवल अच्छी बातें सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना भी आवश्यक है। माता-पिता की सेवा, बुजुर्गों का सम्मान और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य मानवीय मूल्यों को व्यवहार में उतारने का माध्यम हैं।
70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को मिल रही निःशुल्क उपचार की सुविधा
राज्यपाल ने कहा कि सरकार द्वारा वृद्धजनों के स्वास्थ्य और उपचार सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सुविधा से बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी उपचार में सहायता मिल रही है और उनके बच्चों को माता-पिता के इलाज की चिंता से भी राहत मिलती है।
बुजुर्गों से किया सजग और सकारात्मक रहने का आह्वान
राज्यपाल पटेल ने वरिष्ठ नागरिकों से भी आह्वान किया कि वे अपने दिमाग को सजग और सक्रिय रखें तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन व्यतीत करें। परिवार में नई पीढ़ी को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप निर्णय लेने का अवसर दें। बच्चों के आंतरिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने से बचें और परिवार में आपसी समझ, सामंजस्य एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में बुजुर्गों का अनुभव बहुमूल्य होता है। उनके अनुभवों और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। वहीं बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग का भाव बनाए रखना प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है।
विदिशा के रविंद्र नाथ टैगोर सांस्कृतिक ऑडिटोरियम भवन में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा ब्रह्माकुमारीज समाज सेवा प्रभाग के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धावस्था को सम्मानजनक, स्वस्थ, आत्मनिर्भर और खुशहाल बनाने तथा परिवार एवं समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार विकसित करने का संदेश संप्रेषित किया गया है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत संवेदनशील विषय है, जिसका संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत की सनातन संस्कृति में वृद्धजनों और पूर्वजों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का विशेष महत्व है तथा समाज में बुजुर्गों के सम्मान की संस्कृति को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा तीर्थ दर्शन योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम को मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के प्रदेश अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मध्य प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं मुखर्जी नगर केंद्र की रेखा दीदी ने भी संबोधित करते हुए वृद्धजनों के सम्मान, सकारात्मक जीवन दृष्टि और आध्यात्मिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ तथा समापन भी राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के गायन के साथ किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा राज्यपाल मंगुभाई पटेल का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा ने भी पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

