home page

बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 | 
बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अंतरित किए 2148.30 करोड़ रुपये, राखी के शगुन के साथ मिली राशि

भोपाल, 19 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहन-बेटियां हमारे घर-आंगन की रौनक हैं। बहन-बेटियों का मान-सम्मान और इनका आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रक्षाबंधन तो साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों से उनकी रक्षा का वादा पूरा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी लाड़ली बहनों को हर महीने सौगात मिल रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मैहर में आयोजित राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शारदा मां के आशीर्वाद से मैहर अद्भुत स्थान है। बुंदेलखंड की वीरता के प्रतीक आल्हा-ऊदल मां शारदा के अनन्य भक्त हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में उदारता और रिश्तों का सम्मान करने की परम्परा है। हम वसुधैव कुटुम्बकम के भाव से पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हैं। हमने आज ही मैहर से प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को नैहर की नेग (राज्य सरकार का उपहार) दिया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर में मां शारदा भवानी के दर्शन किए। इसके बाद इसी जिले की प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे के साथ प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किश्त और रक्षाबंधन के विशेष शगुन के 250 रुपये (कुल 1750 रुपये) के रूप में 2 हजार 148 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से बैंक खातों में अंतरित किये।

उल्लेखनीय है कि जून 2023 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत से अगस्त 2026 तक 39 किश्तों में लाड़ली बहनों के खातों में 63 हज़ार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारतीय सेना बहनों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए सशक्त बनी है। रक्षाबंधन का धागा भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है। राज्य सरकार बहनों के सम्मान से कभी समझौता नहीं करती है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हर माह बहनों का राशि भेजी जा रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों का आशीर्वाद सरकार को मिल रहा है। हर साल रक्षाबंधन से पहले बहनों को 250 रुपए का शगुन भी भेजा जा रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन भी किया। उन्होंने मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने जिले की विकास गतिविधियों और कार्यक्रमों तथा योजनाओं की उपलब्धि पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी बहनें अपने जीवन में माता-पिता के घर को संवारती हैं और विवाह के बाद पूरे ससुराल की जिम्मेदारी अपने ऊपर उठा लेती हैं। बहनों का यह त्याग वंदनीय है। भारतीय संस्कृति में मां-बेटियां परिवारों की धुरी हैं। माताएं अपनी चिंता नहीं कर पूरे परिवार का ख्याल रखती हैं। राज्य सरकार ने अगले पांच साल तक लाड़ली बहनों को राशि देने का निर्णय कैबिनेट में लिया है। अगले 5 वर्ष में 1 लाख 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि बहनों को मिलेगी। लाड़ली बहना योजना की राशि परिवार की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी हो जाती हैं। राज्य सरकार बहनों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव कार्य कर रही है। हमारी बहनें स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। रोजगार परक उद्योगों में काम करने पर बहनों को वेतन में पाँच हजार रुपए अलग से लाभ दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महाकाल के महाकाल लोक के बाद प्रदेशभर में देवस्थानों के विकास का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में श्रीराम वन गमन पथ, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा को अविरल रखने और विकास कार्यों के लिए 3 हजार करोड़ के कार्य मंजूर किए गए हैं। मैहर में 9 करोड़ रुपये की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन आज हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब नशे के खिलाफ अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने 19 धार्मिक स्थानों पर शराब दुकानें बंद की हैं। भावी पीढ़ियों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नशे से पीढ़ियां बर्बाद हो जाती हैं। परिवार के सदस्य बच्चों को नशे से दूर रखने और उनके बेहतर भविष्य के लिए बच्चों से संवाद हमेशा बनाए रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में लगातार सिंचाई का रकबा बढ़ा रही है। विंध्य क्षेत्र को किसानों को बरगी नहर के पानी का लाभ मिलेगा। किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गौपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संकल्प पारित किया है।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं :-

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैहर जिले में चल रहे विकास कार्यों को और भी गति देने के कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि मैहर जिले के बदेरा पहाड़ में 132 केवीए का सब स्टेशन बनाया जायेगा। मैहर में 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्टेडियम बनाया जायेगा। लिलजी जलाशय का 50 करोड़ रुपए की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा। मैहर में एक बड़ा सर्व सुविधायुक्त अस्पताल बनाया जाएगा। मैहर में 5000 गौवंश क्षमता की बड़ी गौशाला बनेगी। घुनवारा में आईटीआई संस्थान बनेगा, स्कूल का उन्नयन किया जाएगा। लाड़ली बहना सम्मेलन में आईं आल्हा गायकों की सभी समितियों को 25-25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर