home page

नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं: मंत्री कुशवाह

 | 
नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं: मंत्री कुशवाह


- ब्रह्माकुमारी संस्थान ने शुरू किया 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान

ग्वालियर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि नशे से मुक्त समाज ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र की मजबूत नींव है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मंत्री कुशवाह गुरुवार को ग्वालियर के माधौगंज स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रभु उपहार भवन में 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। संस्थान द्वारा देशव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ किया गया है। इसी सिलसिले में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

मंत्री कुशवाह ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने सभी नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। मंत्री कुशवाह ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आदर्श दीदी, पार्षद अनिल साँखला, अमर कुटे, सेंट्रल ब्यूरो ऑफिस के डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर ब्रिजेन्द्र चौधरी, राजयोगी बीके प्रहलाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर