home page

राजगढ़ः भाइयों की धमकियों से परेशान युवक पत्नी-बच्चों संग पानी की टंकी पर चढ़ा

 | 
राजगढ़ः भाइयों की धमकियों से परेशान युवक पत्नी-बच्चों संग पानी की टंकी पर चढ़ा


राजगढ़,24 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ सेंट्रल स्कूल के सामने बनी पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद में उसके सगे भाई उसे लगातार धमका रहे हैं, मारपीट कर रहे हैं और खेत पर जाने से रोक रहे हैं। कार्रवाई नहीं होने से नाराज युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाइश की, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद युवक को परिवार सहित सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवक की पहचान बालचंद गुर्जर निवासी सालरी, थाना भोजपुर के रूप में हुई है। बालचंद ने बताया कि उसका अपने सगे भाइयों ओंकारलाल, हेमराज और नारायण गुर्जर से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसके अनुसार पिछले साल भाइयों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिसमें उसके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। उस मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा था। बालचंद का आरोप है कि जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसके भाई फिर से उसे धमका रहे हैं। वे घर पहुंचकर मारपीट करते हैं और खेत पर जाने से रोकते हैं। उसने भोजपुर थाने में दोबारा शिकायत भी की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर वह पत्नी और बच्चों के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक