home page

राजगढ़ः पुलिस का सृजन अभियान शुरु, किशोर-किशोरियों को बताए आत्मसुरक्षा के गुर

 | 
राजगढ़ः पुलिस का सृजन अभियान शुरु, किशोर-किशोरियों को बताए आत्मसुरक्षा के गुर


राजगढ़,15 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कालीपीठ क्षेत्र के शासकीय विद्यालय में 16 दिवसीय सृजन अभियान का शुभारंभ किया गया। अहिंसा वेलफेयर संस्था के सहयोग से प्रारंभ किए गए इस अभियान का उद्देश्य कठिन सामाजिक परिस्थितियों का सामना कर रहे किशोर-किशोरियों को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जागरुक बनाना है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में एएसपी केएल.बंजारे के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत विशेष रुप से उन किशोर-किशोरियों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, जो घरेलू हिंसा, अशिक्षा, सामाजिक उपेक्षा, शारीरिक-मानसिक शोषण जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे है। अभियान के प्रथम दिवस पर सूबेदार मधु रघुवंशी, आरक्षक कुलदीप मीना, दीपेन्द्र हाड़ा द्वारा किशोर-किशोरियों से आत्मीय संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान बच्चों को मार्शल आर्ट, शारीरिक स्वास्थ्य, आत्मरक्षा एवं आत्मविश्वास बढ़ाने से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में लगभग 130 किशोर- किशोरियों की सहभागिता रही। सृजन अभियान को एक समग्र एवं सकारात्मक पहल के रुप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य समाज में किशोरों को सकारात्मक परिवर्तन के लिए तैयार करना एवं सुरक्षित भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना है। यह अभियान आगामी 15 दिनों तक कालीपीठ क्षेत्र में निरंतर आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक