राजगढ़ःदिशा समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस,एचपीवी अभियान में देशभर में नंबर-1 बनने पर टीम का सम्मान
राजगढ़,13 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सोमवार को स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा रेलवे विभाग की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में सांसद रोडमल नागर ने किशोरियों के एचपीवी टीकाकरण अभियान में राजगढ़ के देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा और जिला प्रशासन की पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे प्रभावी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की बेहतर कार्यशैली का परिणाम बताया।
बैठक में सांसद ने जिले में डायलिसिस मशीनों, सोनोग्राफी सेवाओं और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए इन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि सोनोग्राफी सेवाओं के लिए प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की आवश्यकता है। फिलहाल निजी विशेषज्ञों की मदद से सेवाएं संचालित की जा रही हैं तथा पचोर और ब्यावरा में विशेषज्ञ उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। वहीं सीएमएचओ डॉ. शोभा पटेल ने बताया कि प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की उपलब्धता और प्रसव सेवाओं को मजबूत किया जाएगा।
सांसद ने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक टीबी मरीज को उपचार के दौरान छह माह तक नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए। निक्षय मित्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। कुपोषण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय भी लिया गया, जिसके तहत एसडीएम और अधिकारी कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उनके स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी करेंगे। जिले के चिन्हित 534 कुपोषित बच्चों के उपचार के लिए महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और आयुष विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। बैठक में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने, जल गुणवत्ता की नियमित जांच, नरसिंहगढ़ महोत्सव के प्रस्ताव तथा ज्ञान भारतम् मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण एवं डिजिटलीकरण अभियान पर भी चर्चा हुई। सांसद ने जनप्रतिनिधियों से लोगों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर स्वरूप पांडुलिपियों का पंजीयन कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। बैठक में राज्यमंत्री गौतम टेटवाल,जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, विधायक हजारीलाल दांगी,मोहन शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

