home page

राजगढ़ः कलेक्टर का नलकूप खनन स्थल पर निरीक्षण, जल संरक्षण के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश

 | 
राजगढ़ः कलेक्टर का नलकूप खनन स्थल पर निरीक्षण, जल संरक्षण के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश


राजगढ़,16 अप्रैल(हि.स.)। जिले में जल संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन और भू-जल स्तर को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने गुरुवार को नलकूप खनन कार्य स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित रहकर ड्रिलिंग की शुरुआत से लेकर फ्लशिंग तथा केसिंग इंस्टॉलेशन तक की संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने ड्रिलिंग में उपयोग की जा रही आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान नलकूप स्रोतों में उपस्थित एक्वीफर (जलधारक परत) एवं इंटरक्ले जैसी भू-वैज्ञानिक संरचनाओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया, ताकि भू-जल संरचना व उपलब्धता का वैज्ञानिक आकलन किया जा सके।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विशेष रूप से नलकूपों के माध्यम से भू-जल पुनर्भरण (रिचार्जिंग) की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने रिचार्ज शाफ्ट संरचना के माध्यम से वर्षा जल को भूमिगत जलस्तर तक पहुंचाने की तकनीक को समझा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में ऐसी संरचनाओं को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही यह भी अध्ययन किया गया कि मौजूदा बोरवेल को रिचार्ज सिस्टम से जोड़कर उसे अधिक उपयोगी कैसे बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी दृष्टिकोण अपनाते हुए योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक और भू-वैज्ञानिक समझ दोनों आवश्यक हैं। यह औचक निरीक्षण जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक