home page

मप्र के राजगढ़ में बारातियों से भरी बस खाई में पलटी, 3 की मौत, 27 घायल

 | 
मप्र के राजगढ़ में बारातियों से भरी बस खाई में पलटी, 3 की मौत, 27 घायल


राजगढ़, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में दूल्हे की दादी सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। इनमें 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मुरैना की धर्मेंद्र ट्रेवल्स की बस रछेड़ गांव से उज्जैन शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। बस में करीब 70 लोग सवार थे। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे काचरी जोड़ के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस करीब 12 मीटर तक पलटियां खाती हुई दूसरी लेन तक पहुंची, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद बस में सवार कई लोग सीटों के नीचे दब गए, जबकि कुछ खिड़कियों से बाहर जा गिरे।

हादसे में अंशु उर्फ विष्णु तोमर (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अभय तोमर (24) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूल्हे की दादी बिटोली देवी (60) गंभीर रूप से घायल हुई थीं। हादसे में उनका पैर कटकर करीब 15 फीट दूर जा गिरा। बाद में इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 गंभीर घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं, बुजुर्ग और 3 से 9 साल तक के बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। सूचना मिलते ही राज्यमंत्री नारायण सिंह पवार, एडिशनल एसपी केएल बंजारे, थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ सहित पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे