राजगढ़ः भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही भाजपा
राजगढ़, 12 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी। इसके तहत जनजातीय नायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद रोडमल नागर ने दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश, समाज और जनजातीय अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। अंग्रेजों के शोषण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए उन्होंने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। भाजपा ने जनजातीय समाज को सम्मान और पहचान देने का जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करके दिखाया है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का पहुंचना इसका ऐतिहासिक उदाहरण है।
सांसद ने कहा कि मध्य प्रदेश में टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह जैसे जननायकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। भाजपा सरकार ने इन नायकों को सम्मान देने के साथ उनके नाम पर विकास और जनकल्याण के कार्य भी किए हैं।
नागर ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 नवंबर को खंडवा में बड़े आयोजन होंगे। जिलों में सांस्कृतिक जुलूस, रैलियां, स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्ज्वलन और विद्यालयों में जनजातीय नायकों के जीवन पर कार्यक्रम होंगे। 16 और 17 नवंबर को छात्रावासों में युवाओं से संवाद तथा 18 से 20 नवंबर तक चयनित गांवों में जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

