(अपडेट) मप्र के रायसेन में दो यात्री बसों की भिड़ंत में राष्ट्रीय कवि समेत 3 की मौत, 27 घायल
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे पर जताया दुख, प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार को भोपाल-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उमरावगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में राष्ट्रीय स्तर के युवा कवि सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि इस दुर्घटना में यात्रियों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल को मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया और दिवंगत नागरिकों के परिजन को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दुर्घटना के घायलों के नि: शुल्क उपचार के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है।
दरअसल, खरबई थाना चौकी क्षेत्र के सेहतगंज टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 11 बजे कल्पना ट्रैवल्स और शक्ति ट्रैवल्स की बसों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई, जिससे दोनों बसें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नीतेश व्यास (28) पुत्र एसएन व्यास, निवासी पंडा टेकापार, सुल्तानगंज, माखन लोधी (29) पुत्र रामबाबू लोधी, निवासी पचीपुरा, बेगमगंज और दीपेश अहिरवार (19) निवासी सुल्तानगंज के रूप में हुई है। नीतेश व्यास राष्ट्रीय स्तर के युवा कवि थे और विभिन्न साहित्यिक मंचों पर अपनी प्रस्तुतियों के लिए पहचाने जाते थे। उनकी असमय मृत्यु से साहित्यिक जगत में भी शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य करते हुए 10 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल रायसेन, भोपाल के हमीदिया अस्पताल, नागपुर अस्पताल और लक्ष्मी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कुल 27 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि कल्पना ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 33 जेडसी 7770 और शक्ति ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 04 पीए 3820 के बीच टक्कर हुई। दोनों बसें भोपाल-सागर मार्ग पर नियमित रूप से संचालित होती हैं। दुर्घटना में सबसे अधिक प्रभावित वे यात्री हुए जो खिड़की के पास बैठे थे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग की एक लेन पर यातायात भी प्रभावित रहा।
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं, वहीं पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि केसली की ओर से आ रही बस और जयसिंहनगर दिशा से आ रही दूसरी बस के बीच सीधी भिड़ंत हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

