रायसेन: डायल 112 की त्वरित कार्रवाई से बचीं तीन ज़िंदगियाँ, घायलों को समय पर मिला उपचार
भोपाल, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में डायल-112 जवानों की त्वरित कार्रवाई ने स्कूल बस एवं बाइक की टक्कर में घायल हुए तीन व्यक्तियों, जिनमें एक मासूम बच्ची भी शामिल थी, को समय पर उपचार दिलाकर उनकी जान बचाई। इस आपात स्थिति में डायल-112 टीम ने सजगता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गइ कि 28 फरवरी को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि स्कूल बस और मोटरसाइकिल के बीच दुर्घटना हो गई है, जिसमें बाइक सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एफआरव्ही को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल-112 जवान मौके पर शीघ्र पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। दुर्घटना में बाइक चालक सहित एक मासूम बच्ची और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल थे। जवानों ने बिना समय गंवाए तीनों घायलों को एफआरव्ही वाहन की सहायता से सुरक्षित रूप से शासकीय अस्पताल सुल्तानगंज पहुँचाया, जहाँ उनका तत्काल उपचार प्रारंभ कराया गया।
डायल-112 जवानों की इस त्वरित, संवेदनशील और समर्पित कार्यवाही के कारण घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी, जिससे संभावित गंभीर परिस्थितियों को टाला जा सका। डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना यह संदेश देती है कि मध्यप्रदेश पुलिस हर संकट की घड़ी में आमजन की सुरक्षा, सेवा और जीवन रक्षा के लिए सदैव सजग, तत्पर और समर्पित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

