रायसेनः कलेक्टर ने सांची में भ्रमण कर महाबोधि महोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा
- 28 एवं 29 नवम्बर को होगा महाबोधि महोत्सव का आयोजन
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांची में आगामी 28 एवं 29 नवम्बर को महाबोधि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रायसेन कलेक्टर रोहित सिसोनिया ने गुरुवार को सांची में भ्रमण कर महोत्सव के गरिमामय एवं भव्य आयोजन हेतु की जा रहीं तैयारियों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सांची स्तूप परिसर, जम्बू द्वीप पार्क, चिन्हित किए गए पार्किंग स्थलों आदि का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर सिसोनिया ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा कर अधिकारियों को समयपूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महाबोधी सोसायटी श्रीलंका के प्रमुख वानगल उपतिस्स नायक थेरो, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

