रायसेनः कलेक्टर ने कृषि सहकारी संस्था के खाद गोदाम का किया निरीक्षण, किसानों से ली व्यवस्थाओं की जानकारी
रायसेन, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के साथ सुल्तानगंज कृषक सहकारी संस्थान, खाद गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद के भंडारण, वितरण व्यवस्था, उपलब्ध स्टॉक आदि के संबंध में अधिकारियों एवं संस्था के कर्मचारियों से जानकारी ली।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान गोदाम में रखे उर्वरकों के स्टॉक का अवलोकन कर उपलब्ध मात्रा और वितरण से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए। खाद के आवंटन एवं वितरण का रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विश्वकर्मा ने खाद लेने पहुंचे किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने किसानों से खाद की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था, प्रतीक्षा समय और संस्था में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। किसानों ने अपनी आवश्यकताओं एवं स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने किसानों की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कृषि सीजन के दौरान किसानों को खाद एवं अन्य कृषि आदानों के लिए अनावश्यक परेशानी ना हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। किसानों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मांग के अनुसार उर्वरक की उपलब्धता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए और स्टॉक की जानकारी समय-समय पर उच्च अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, सहकारी संस्था के पदाधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
सुल्तानगंज में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा द्वारा सुल्तानगंज में नवनिर्मित तहसील कार्यालय भवन का निरीक्षण किया गया। उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों में जाकर कार्य का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने तहसीलदार से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण संबंधी कार्यवाही की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही पारित आदेश का पालन भी कराएं। नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु परेशान ना होना पड़े। कलेक्टर ने उपस्थित नागरिकों से भी उनकी समस्याओं के बारे में चर्चा करते हुए आवेदन लिए और राजस्व अधिकारियों को प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित कराने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों की सुविधा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एकीकृत शास.कन्या माध्यमिक शाला का निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा बेगमगंज विकासखण्ड के सुल्तानपुर कलस्टर में आयोजित शिविर के दौरान एकीकृत शासकीय कन्या माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर विश्वकर्मा ने विभिन्न कक्षाओं का भ्रमण कर छात्राओं से अध्यापन कार्य, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति आदि के बारे में संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहन और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता भी साथ रहे। छात्राओं से संवाद के उपरांत कलेक्टर विश्वकर्मा, एसपी गुप्ता तथा अन्य अधिकारियों द्वारा छात्राओं के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया गया। कलेक्टर विश्वकर्मा ने प्राचार्य तथा शिक्षकों से कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक परिवेश रहे तथा छात्राओं को गुणवततपूर्ण शिक्षा मिले, यह सुनिश्चित कराएं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

