एमपी में बारिश का असर, भोपाल में कलियासोत डैम के दो गेट खुले, नदियां उफान पर
भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। पूर्वी हिस्से के बाद अब पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी बारिश का दौर तेज हो गया है। लगातार बारिश के चलते कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और जलभराव की स्थिति बन रही है। कई बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
भोपाल में रविवार दोपहर करीब 3.30 बजे कलियासोत बांध के दो गेट खोले गए। इससे पहले शनिवार रात करीब 11 बजे चार गेट खोले गए थे, जिन्हें पानी छोड़े जाने के बाद रात 12 बजे एक-एक कर बंद कर दिया गया था। वहीं, उज्जैन में बारिश के बीच शनिवार देर रात महाकाल मंदिर से रामघाट जाने वाले मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक पुराना महाकाल द्वार गिर गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एक्जीक्यूटिव इंजीनियर कमल सक्सेना के मुताबिक, द्वार के आसपास निर्माण कार्य के लिए गहरी खुदाई चल रही है। लगातार बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ने और जमीन के सेटलमेंट के कारण संरचना प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, द्वार गिरने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
नदी में बहे युवक का शव मिला
शिवपुरी जिले के सिकराऊदा गांव में रविवार सुबह 21 वर्षीय राम रावत का शव गहलोनी के पास नदी किनारे मिला। राम शुक्रवार को रपटा पार करते समय तेज बहाव में बह गया था। शनिवार को एसडीईआरएफ की टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। रविवार को नदी का जलस्तर कम होने के बाद ग्रामीणों ने शव देखा।
खेतों में पानी, सोयाबीन को नुकसान की आशंका
शाजापुर जिले के अकोदिया क्षेत्र में कभी तेज तो कभी धीमी बारिश हो रही है। लगातार पानी गिरने से खेतों में जलभराव हो गया है। सोयाबीन के खेतों में पानी भरने से फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं शिवपुरी के पोहरी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद पवा झरने का बहाव भी तेज हो गया है।
पुल डूबा तो कढ़ाही के सहारे नाला पार कर रहे लोग
मुरैना के कैलारस क्षेत्र में खेरली-पचोखरा मार्ग पर गुराह नाले का पुल बारिश के बाद पानी में डूब गया है। आवागमन प्रभावित होने के बावजूद जरूरी काम से निकलने वाले लोग बड़ी कढ़ाही जैसे बर्तन में बैठकर रस्सी के सहारे नाला पार कर रहे हैं। नाले में पानी का बहाव तेज है। ऐसे में थोड़ी सी चूक भी हादसे का कारण बन सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

