home page

मप्र में बारिश का कहर: उज्जैन में पंचायत सचिव बाइक समेत बहे, डिंडौरी में पुल से कार बहने से तीन युवक बाल-बाल बचे

 | 
मप्र में बारिश का कहर: उज्जैन में पंचायत सचिव बाइक समेत बहे, डिंडौरी में पुल से कार बहने से तीन युवक बाल-बाल बचे


भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय हो चुका है और कई जिलों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उज्जैन में पंचायत सचिव बाइक समेत तेज बहाव में बह गए, जिनकी तलाश जारी है। वहीं डिंडौरी में उफनती नदी पर बने पुल से कार बह गई, लेकिन कार सवार तीन युवकों ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। मौसम विभाग ने खंडवा और हरदा समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

उज्जैन के गांवड़ी लोढ़ा गांव में गुरुवार रात करीब 8 बजे सहायक पंचायत सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा बाइक समेत खंती के तेज बहाव में बह गए। सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ, होमगार्ड और इंगोरिया थाना पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात में उनकी बाइक बरामद हो गई, लेकिन उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पंचायत सचिव की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इसी जिले के जगोटी गांव में पुलिया पार करते समय केशु आंजना भी मोटरसाइकिल समेत बह गया। उसने बहाव में पेड़ की टहनी पकड़कर अपनी जान बचा ली, जबकि बाइक पानी में बह गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

डिंडौरी में पुल पर बह गई कार, तीन युवकों ने कूदकर बचाई जान

डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। शुक्रवार सुबह बस्तरा मार्ग स्थित कसा नदी के पुल पर पानी बहने के बावजूद तीन युवक कार लेकर निकल पड़े। तेज बहाव में कार बह गई। खतरा बढ़ता देख तीनों युवकों ने चलती कार से छलांग लगा दी और तैरकर बाहर निकल आए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

शहपुरा में जलभराव, पेयजल पाइपलाइन भी बही

लगातार बारिश से शहपुरा नगर में कई जगह जलभराव हो गया है। मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। शहर की पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन भी तेज बहाव में बह गई है, जिससे आने वाले दिनों में पेयजल संकट गहराने की आशंका है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे पुलिस बल तैनात कर दिया है। एसडीएम ने राजस्व और पुलिस अमले को लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। लोगों से पुल-पुलिया पार नहीं करने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

पांढुर्णा में नदी किनारे बने 5 कच्चे मकान ढहे

पांढुर्णा में गुरुवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी किनारे बने पांच कच्चे मकान ढह गए। तेज बहाव में तीन बकरियां और घरेलू सामान बह गया। हालांकि पानी बढ़ने से पहले परिवार सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रभावित परिवारों ने पूरी रात पास के मंदिर में शरण ली।

इंदौर में दो दिन में 5 इंच बारिश

इंदौर में पिछले दो दिनों में करीब 5 इंच बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश से शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। अधूरे ड्रेनेज, स्टॉर्म वॉटर लाइन और पाइपलाइन निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। कई स्थानों पर सड़कें दलदल में तब्दील हो गईं। नेहरू नगर और सत्यसांई चौराहे सहित कई इलाकों में जलभराव हुआ। सत्यसांई चौराहे के पास बारिश के दौरान पेड़ की बड़ी डाल गिरने से एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया।

मंदसौर में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश के दौरान काजीवाड़ा में बिजली के तारों में आग लग गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज चिंगारियों के साथ फॉल्ट दिख रहा है। उज्जैन और आसपास के इलाकों में बीती रात तेज बारिश हुई। इससे शिप्रा नदी के घाट पर कई मंदिर पानी में डूब गए। रतलाम शहर समेत जिले में गुरुवार रात को करीब 3 घंटे तक लगातार बारिश हुई। शिवपुर गांव के खेतों में पानी भर गया। शुक्रवार सुबह से रिमझिम पानी गिर रहा है। ग्वालियर में भी शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली। बालाघाट में गुरुवार रात 12 बजे से हो रही बारिश की वजह से 12 से ज्यादा वार्डों में जलभराव की स्थिति बन गई। घरों में पानी भर गया। सीएमओ सूर्यप्रकाश उके ने बताया कि बरसात के पानी की निकासी के लिए व्यवस्था बनाई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। खंडवा और हरदा में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट प्रभावी है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे