सभी उपार्जन केन्द्रों पर 28 मई तक करें गेहूं की खरीदी : संभागायुक्त संजीव सिंह
भोपाल, 22 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। संभागायुक्त सिंह ने उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि 23 मई से बढ़ाकर 28 मई कर दी गई है। अधिकारी उक्त समयावधि में कृषकों से सुचारू रूप से गेहूं उपार्जन का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
संभागायुक्त सिंह ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भोपाल संभाग की समग्र रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जन-स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए संभागायुक्त सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाए। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुसार समिति का गठन कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का पालन करवाया जाए।
आगामी वर्षा काल के दृष्टिगत संभागायुक्त संजीव सिंह ने उपायुक्त किरण गुप्ता को निर्देशित किया कि वे मानसून-पूर्व तैयारियों के संबंध में सभी संबंधित विभागों की एक संयुक्त बैठक करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बैठक में जलभराव रोकने, नाले-नालियों की सफाई और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा कर समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

