home page

जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए जनसहभागिता जरूरी : मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल

 | 
जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए जनसहभागिता जरूरी : मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल


जल संरक्षण व स्वच्छता के लिए जनसहभागिता जरूरी : मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल


- जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सिंगरी नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री पटेल

भोपाल, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता और जल संरक्षण में सहभागी बनना चाहिए। जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए नए-नए प्रयोग किए जाने की आवश्यकता है।

मंत्री पटेल शनिवार को जनपद पंचायत नरसिंहपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मगरधा में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सिंगरी नदी पुनर्जीवन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और स्वच्छता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

कार्यक्रम में मंत्री पटेल, कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारी- कर्मचारियों व गणमान्य नागरिकों ने सिंगरी नदी के उत्तर एवं दक्षिण तट पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए नागरिकों को स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर कलेक्टर रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत सीईओ गजेन्द्र सिंह नागेश, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, सुनील कोठारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मंत्री पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को हमेशा साफ सफाई करना चाहिए उन्हें इस नेक कार्य में संकोच नहीं करना चाहिए़ और गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया और कहा कि सेवा कार्य स्वयं का संकल्प होता है, इसमें संख्या नहीं बल्कि भावना महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में अभी इतने लोग जुड़े हैं, लेकिन आने वाले समय में इससे भी अधिक संख्या में नागरिक शामिल होंगे। यदि सब मिलकर काम करेंगे तो स्वच्छता की दिशा में हम आगे बढेंगे।

मंत्री पटेल ने सिंगरी नदी के पुनर्जीवन कार्य को निरंतर जारी रखने पर जोर देते हुए कहा कि इसके साथ ही जनजागरूकता भी आवश्यक है। लोगों को नदी में कचरा न डालने के लिए प्रेरित करें और इस दिशा में सतत प्रयास करें। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सिंगरी नदी के पुनर्जीवन का कार्य लंबे समय से जारी है और आगामी विक्रम संवत तक प्रयास रहेगा कि मां नर्मदा का शुद्ध जल सिंगरी नदी में प्रवाहित होता दिखाई दे। उन्होंने सरपंचों से अपील की कि वे सीईओ जिला पंचायत के साथ समन्वय कर इस कार्य योजना को प्राथमिकता दें।

मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने नरसिंहपुर में विकास कार्यों पर की चर्चा

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने शनिवार को सर्किट हाउस नरसिंहपुर में बैठक लेकर प्रस्तावित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों पर चर्चा की। बैठक में मंत्री पटेल ने शहर के प्रमुख प्रस्तावित अधोसंरचनात्मक कार्यों पर विशेष ध्यान देते हुए गुलाब चौराहा से प्रारंभ होकर गांधी चौराहा, नगर पालिका चौराहा, सुभाष पार्क चौराहा होते हुए बाहरी रोड से सांकल चौराहा से सुनका चौराहा होते हुए मुशरान पार्क चौराहे तक प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण, मगरधा आरओबी निर्माण, नरसिंहपुर में रिंग रोड निर्माण पर विस्तृत चर्चा की।

इसके साथ ही उन्होंने नरसिंहपुर से कपूरी मार्ग को व्यवस्थित करने, शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, नरसिंहपुर से जुड़ने वाली सड़कों के चौड़ीकरण एवं दुरुस्तीकरण तथा नरसिंहपुर-सांकल मार्ग के चौड़ीकरण के कार्यों पर चर्चा की। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि नरसिंहपुर- देवाकछार मार्ग के चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर