home page

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा एक मार्च को

 | 
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा एक मार्च को


- इंदौर शहर के 100 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 38 हजार 144 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे

इंदौर, 25 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर द्वारा ऑफलाइन पद्धति से राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 का आयोजन आगामी 01 मार्च को किया जाएगा। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी।

सेट परीक्षा इंदौर जिले के 100 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होगी। उक्त परीक्षा के लिए इंदौर के शासकीय और अशासकीय स्कूलों व कॉलेजों को केन्द्र बनाया गया है। शहर में आयोजित इस परीक्षा में कुल 38 हजार 144 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 परीक्षा के सम्पूर्ण संचालन हेतु संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है।

यह जानकारी बुधवार को उक्त परीक्षा को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देश पर आयोजित बैठक में दी गई। राजस्व उपायुक्त एवं प्रभारी परीक्षा अधिकारी सपना एम. लोवंशी ने बैठक में बताया कि राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 के प्रश्नपत्र में बहुवैकल्पिक प्रश्न होंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के 45 मिनट पूर्व परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जाएगा। सभी परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केन्द्र पर पहुँचे। परीक्षार्थियों का प्रवेश मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी प्रवेशपत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व ओएमआर सीट का वितरण किया जाएगा तथा प्रश्न पत्र पुस्तिका का वितरण 11.55 बजे किया जाएगा। परीक्षा पूर्व सभी पर्यवेक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षार्थी को वही सेट मिले जो उनके लिए निर्धारित है।

बैठक में प्रभारी परीक्षा अधिकारी द्वारा बताया गया कि राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 में परीक्षार्थी प्रवेश पत्र, पहचान पत्र, गोले बनाने हेतू निर्धारित स्याही का पेन, स्वयं का फोटो, पानी की पारदर्शी बाटल, अन्य कोई सामग्री जो ई-प्रवेश पत्र में निर्दिष्ट है, को ले जाने की अनुमति रहेगी।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा के दौरान वीक्षकों को मोबाइल फोन रखना प्रतिबंधित है। साथ ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित है। परीक्षा में पेन्सिल, रबर, व्हाइटनर एवं ऐसेशरीज जैसे बालों को बाधंने का क्लेचर, घड़ी और हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक आदि वर्जित रहेंगे। इसके अलावा मोबाईल फोन, कैल्कुलेटर, ब्लू टूथ, हेण्ड फ्री डिजिटल घड़ी या अन्य कोई उपकरण भी प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा चाबी, लाइटर्स, माचिस बॉक्स, शार्पनर, ब्लेड तथा अन्य कोई कीमती सामान ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व परीक्षार्थी से उक्त सामग्री प्राप्त कर उसे सुरक्षित रखने की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, बिजली आदि बुनियादी सुविधाएं की गई है। बैठक में प्रशिक्षक डॉ. डी. के. गुप्ता सहित समस्त परीक्षा केन्द्रों के सहायक परीक्षा अधिकारी शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर