पशुपालन और दुग्धोत्पादन से ही आएगी घर-घर समृद्धि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- ग्राम कुलैथ में विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का लिया आनंद
भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती-किसानी ही हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में आगे आए। इसी से किसानों के खेत-खलिहान और घरों में समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित विशाल पशुपालक सम्मेलन एवं पशु मेले को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के किसानों को समृद्ध बनाने के लिए सरकार उन्नत पशुधन के पालन-पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। हम प्रदेश में पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए हर साल एक लाख बछिया तैयार करेंगे और इन्हें किसानों को देंगे। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और तभी हर किसान के घर में समृद्धि आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि हमारे लिए सर्वोपरि है। हमने प्रदेश के सभी वृंदावन ग्रामों में दुधारू पशुपालकों की स्वस्थ प्रतियोगिता करवाई और श्रेष्ठ पशुपालकों (विजेताओं) को ट्रेक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी सहित नगद पुरस्कार भी दिए हैं। प्रदेश के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित कराए। इन प्रयासों से हम किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मप्र में ढाई करोड़ से अधिक पशुधन हैं। इनमें एक करोड़ से अधिक गौमाता हैं और शेष भैंसवंशी नस्ल के पशु हैं। हमारे पास इतना विशाल पशुधन होने का आशय यह है कि हम बहुत जल्द दुग्ध उत्पादन के मामले में देश में अव्वल स्थान पर आएंगे।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के सात हजार से अधिक श्रमिक भाई-बहनों के खातों में 175 करोड़ रूपए की सहायता राशि एवं सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन पेंशन योजना अंतर्गत 34.58 लाख से अधिक हितग्राहियों को 207.48 करोड़ रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुलैथ में हो रही बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर कुलैथ के जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए 51 लाख रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत क्षेत्र में निहिथपुर से महेश्वरा तक एक किमी पक्की सड़क बनाने, लंका वाले हनुमान मंदिर तक पक्की रोड़ बनाने तथा एक अन्य मार्ग का निर्माण करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की सहज मांग पर गांव में एक सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली पर्व में उन्नत दुधारू पशुओं से ही किसान के घर महालक्ष्मी की कृपा होती है। पशुपालन, बकरी पालन और कुक्कुट पालन से किसानों के जीवन में समृद्धि आती है। राज्य सरकार बिजली, पानी, सड़कों के साथ जरूरी सुविधाओं को बढ़ा रही है। इनका लाभ बलराम पुत्र किसान बंधुओं को भी मिल रहा है। किसान कल्याण वर्ष में राज्य सरकार अन्नदाता को हर प्रकार से आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। मध्य प्रदेश को दूध उत्पादन में नंबर- 1 राज्य बनाने के लिए किसानों को उन्नत नस्ल के पशुधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
ग्वालियर में आयोजित पशुपालक सम्मेलन सह पशु मेले में अच्छी नस्ल की गाय-भैंसों की जानकारी दी जा रही है। राज्य सरकार ने सभी विकासखंड में स्थित वृंदावन ग्रामों में गोवर्धन पूजा के अवसर पर उत्कृष्ट पशुओं की प्रतियोगिताएं हुईं और विजेता पशुपालकों को पुरस्कार भी प्रदान किए। यहां टेकनपुर के पशुपालक रामवीर सिंह को गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना में प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये मिले। उनकी गाय 14 लीटर प्रति दिन दूध देती है। इसी के साथ प्रदेश के सभी 55 जिलों में भव्य बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए गए। राज्य सरकार लगातार प्रगतिशील कृषकों को आगे बढ़ा रही है। बीज से लेकर खेत तक और खेत से लेकर निर्यात तक सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश 9 प्रतिशत के साथ वर्तमान में देश में तीसरा स्थान रखता है। प्रदेश को मिल्क कैपिटल बनाना हमारा संकल्प है। किसानों की समृद्धि, दूध उत्पादन और पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए यह पशुपालक सम्मेलन आयोजित किया गया है। प्रदेश में उपलब्ध गौवंश नस्ल सुधार की आवश्यकता है। इसके लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश को एक लाख उन्नत नस्ल की बछिया उपलब्ध कराने का आश्वस्त किया है। ये बछिया किसानों को दी जाएंगी। इससे दूध उत्पादन बढ़ेगा। गुजरात में मध्य प्रदेश से कम पशुधन है, लेकिन वहां दूध उत्पादन मध्यप्रदेश के मुकाबले अधिक है। राज्य में बड़ी गौशालाएं खोली जा रही हैं। उज्जैन, इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में 10 हजार क्षमता की गौशालाएं तैयार की गई हैं। गौपालन के साथ प्राकृतिक और जैविक खेती को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हालिया स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कार मिलने पर ग्वालियर शहर के नागरिकों को बधाई दी। इस सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, देवास, जबलपुर, रीवा, सागर, बुधनी, देपालपुर कुल 9 शहरों को स्वच्छता पुरस्कार मिले हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में आधुनिक खेती के मामले में उत्कृष्ट कार्य हो रहा है। यहां 619 फूड प्रोसेसिंग यूनिट संचालित हो रही हैं। ग्वालियर जिले में पोटैटो टिश्यू कल्चर हो रहा है और यहां 25 हजार से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यहां 70 हजार पशुपालक चार लाख से अधिक पशुधन की सेवा कर रहे हैं और 605 मीट्रिक टन दूध उत्पादन कर रहे हैं। धान, ज्वार, बाजरा, तिल की खेती भी हमारे किसान भाई कर रहे हैं। ग्वालियर अब सिर्फ गजक ही नहीं, आलू और मिलेट्स उत्पादन में भी पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम को उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह,सांसद भारत सिंह कुशवाहा, शिवराज सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, मप्र राज्य कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, मप्र राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव, विधायक मोहन सिंह राठौर, कौशल शर्मा, लोकेन्द्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पशुपालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

