home page

मप्र में कृषि, शिक्षा, उद्योग, ऊर्जा आदि क्षेत्रों में लगातार हो रहे है प्रगति और विकास के कार्य: डॉ. सुदाम खाड़े

 | 
मप्र में कृषि, शिक्षा, उद्योग, ऊर्जा आदि क्षेत्रों में लगातार हो रहे है प्रगति और विकास के कार्य: डॉ. सुदाम खाड़े


इंदौर, 27 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश विकास और प्रगति के पथ पर लगातार अग्रसर है। प्रदेश वन, खनिज सम्पदा में समृद्ध है। सिंचित कृषि क्षेत्र का रकबा लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश को लगातार सात बार कृषि कर्मण अवार्ड मिल चुके है। प्रदेश के आम, केला, ईमली, चावल, मालवी आलू सहित अन्य कृषि उत्पादों को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग की उपलब्धि मिली है।

संभागायुक्त डॉ. खाड़े शनिवार को एक टीवी चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अपना संबोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में आगे है। धार जिले के बदनावर में निर्माणाधीन पीएम टेक्सटाइल पार्क के बन जाने के बाद प्रदेश के विकास को नये पंख लगेंगे। लोगों को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा, टेक्सटाइल उद्योग तेजी से बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि रेलवे के क्षेत्र में भी प्रदेश में लगातार नई-नई परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इंदौर रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण होने के बाद यहाँ से बड़ी संख्या में रेलों की आवाजाही होगी। इससे रेलवे की कनेक्टिविटी देशभर में बढ़ेगी और अन्य राज्यों में जाना आसान होगा।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्रों में भी तेजी से विकास किया गया है। उद्योग वर्ष में कई विकास कार्य हुए। आज इंदौर मध्य प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी है। इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के निर्माण के बाद प्रदेश का चहुमुखी विकास होगा। साथ ही उज्जैन-इंदौर मेडिकल वेलनेस सेंटर के बन जाने के बाद उज्जैन और इंदौर का तेजी से विकास होगा। धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। मेडिकल विश्वविद्यालयों में पीजी की सीटें लगातार बढ़ाई जा रही है, जिससे समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन आया है। आगामी सिंहस्थ को देखते हुए सड़क, फ्लाईओव्हर, रेलवे ब्रीज, फोरलेन आदि विकास कार्यों में तेजी आयी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान और महाराष्ट्र के बाद मध्य प्रदेश में सर्वाधिक किले है जो प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरें है, इसके संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। मध्य प्रदेश सर्वाधिक बाघ वाला प्रदेश है। पर्यटन उद्योग के क्षेत्र में भी प्रदेश आगे है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर