home page

मप्रः उज्जैन में डीपटेक रिचर्स एंड डिस्कवरी सेंटर खुलने की प्रक्रिया हुई तेज

 | 
मप्रः उज्जैन में डीपटेक रिचर्स एंड डिस्कवरी सेंटर खुलने की प्रक्रिया हुई तेज


- आईआईटी इंदौर के साथ प्रांरभ होगा सेंटर

उज्जैन, 22 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मध्य प्रदेश को विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए उज्जैन में डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर खोलने के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। सेंटर को जल्दी प्रारंभ करने के लिए स्थान चिन्हित किया गया है।

सोमवार को विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेलवेंद्रन के साथ उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की बैठक हुई। बैठक में मध्य प्रदेश विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी के साथ ही आईआईटी की टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेश को विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रमुख निवेश (लीड इन्वेस्टमेंट) आकर्षित करने के लिए विशेष कार्य योजना के साथ उज्जैन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए नई कार्य योजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर आईआईटी इंदौर के साथ मिलकर उज्जैन में खोला जाना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देश के बाद सोमवार को प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव एम. सेलवेंद्रन, मध्यप्रदेश विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी के साथ आईआईटी की टीम के सदस्यों के साथ उज्जैन पहुंचकर संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के साथ तारामंडल पर सेंटर की स्थापना को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर सेंटर स्थापित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि सेंटर को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए स्थान का चयन किया जाए। इस दौरान तारामंडल के प्रभारी डॉ. मनोज राठौर भी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रमुख सचिव सेलवेंद्रन, संभागायुक्त सिंह, कलेक्टर सिंह, परिषद के महानिदेशक डॉ. कोठारी, डॉ.राठौर के साथ ही आईआईटी की टीम ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण किया।

इंजीनियरिंग कॉलेज में स्थान का चयन करने के बाद सेंटर की स्थापना के साथ सांईस सिटी निर्माण में जो आवश्यक कार्यवाही की जाना है उसके संदर्भ में निर्देश दिए गए। आईआईटी इंदौर के साथ मिलकर जल्दी ही डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर की स्थापित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछले दिनों समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यों एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा था कि उज्जैन में मेडी सिटी, साइंस सिटी और इंजीनियरिंग कॉलेज बन रहे हैं। उज्जैन में ही मेडिकल, साइंस और टेक्निकल एजुकेशन के एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की स्थापना की जाए। इसके लिए केंद्र सरकार से भी समन्वय किया जाए। साथ ही उज्जैन में डीपटेक रिसर्च एंड डिस्कवरी सेंटर की स्थापना की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर