विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण विकसित करें : मंत्री परमार
- मंत्री परमार की अध्यक्षता में इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सागर की शासी निकाय की 24वीं बैठक हुई
भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग महाविद्यालय शासी निकाय की 24वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास और महाविद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने से जुड़े विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 3 करोड़ 89 लाख रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के उपकरण एवं फर्नीचर, प्रशिक्षण, विद्यार्थियों के लिए तकनीकी सुविधाओं, भवनों की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई। इन प्रयासों से संस्थान के शैक्षणिक संसाधन सुदृढ़ होंगे और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
शासी निकाय ने स्वशासी निकाय के लोकसेवकों की अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाश नकदीकरण से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए एक समान नीति बनाने के उद्देश्य से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया। इससे प्रदेश के शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालयों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में ऐसे प्रकरणों के निराकरण में एकरूपता सुनिश्चित करने की दिशा में पहल होगी।
बैठक के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सदस्य सचिव डॉ. एस.डी. शर्मा ने विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बैठक में प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा के प्रतिनिधि डॉ. मुकेश मिश्रा, आयुक्त तकनीकी शिक्षा के प्रतिनिधि मोहन सेन तथा शासी निकाय के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

