home page

मप्र पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, उज्जैन-इंदौर में एक करोड़ से अधिक की सामग्री जब्त

 | 
मप्र पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, उज्जैन-इंदौर में एक करोड़ से अधिक की सामग्री जब्त


भोपाल, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उज्जैन एवं इंदौर में दो अलग-अलग कार्रवाईयों में लगभग एक करोड़ पांच लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, बीयर एवं वाहन जप्त किए हैं।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को मामले का खुलासा करते हुए जानकारी दी गई कि उज्जैन जिले के नानाखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत निनोरा टोल प्लाजा के पास बीती रात पुलिस ने घेराबंदी कर एक ट्रक को पकड़ा, जिसमें 900 पेटी (21,600 केन) कुल 10,800 बल्क लीटर अवैध बीयर परिवहन की जा रही थी। जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये है तथा परिवहन में प्रयुक्त ट्रक (कीमत लगभग 55 लाख रुपये ) को जप्त किया। इस प्रकार लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

इसी तरह इंदौर जिले में वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 43 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर