मप्र पुलिस ने 3 दिन में 10 अवैध हथियार और 270 से अधिक कारतूस जब्त कर 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
भोपाल, 28 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध की जा रही लगातार कार्रवाई के क्रम में विगत 3 दिनों में ग्वालियर एवं जबलपुर जिले से 10 अवैध फायर आर्म्स, 270 से अधिक जिंदा कारतूस जप्त कर 08 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा शनिवार को जानकारी दी गई कि ग्वालियर जिले में सिरोल, ग्वालियर एवं डबरा देहात थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सिरोल पुलिस ने हुरावली क्षेत्र में दबिश देकर एक पुस्तैनी मकान से 03 रायफल (315 बोर), 02 पिस्टल (32 बोर), 01 कट्टा (315 बोर) सहित अवैध हथियार जप्त किए है। साथ ही 315, 32 एवं 306 बोर के 97 से अधिक जिंदा कारतूस तथा मैग्जीन भी जप्त की गईं।
थाना ग्वालियर पुलिस ने तुलसी विहार कॉलोनी से एक आरोपी को देशी कट्टा एवं जिंदा राउंड सहित गिरफ्तार किया। थाना डबरा देहात पुलिस ने पिस्टल की नोक पर महिला का अपहरण करने वाले 02 आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अपहृता महिला को सकुशल दस्तयाब किया तथा घटना में प्रयुक्त ईको वाहन एवं देशी पिस्टल मय मैग्जीन जप्त की।
वहीं, जबलपुर जिले के थाना गोसलपुर तथा थाना लार्डगंज पुलिस की संयुक्त कार्यवाही के तहत पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 01 पिस्टल, 01 देशी कट्टा, कुल 174 नग कारतूस एवं 01 कार जप्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

