प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक देश को विकसित और विश्वगुरु बनाने का लिया है संकल्पः राजेन्द्र शुक्ल
- उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत
रीवा, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शासकीय मार्तंड स्कूल परिसर में पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक देश को विकसित और विश्वगुरु बनाने का संकल्प लिया है। इसका पूरा लाभ आज के युवाओं को मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अनवरत जन सेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प अभियान मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। रीवा में भी पिछले 20 वर्षों में हाइवे, रेलवे, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का विकास हुआ है। जेन-जी पीढ़ी शिक्षित होने के साथ संस्कारवान बने मेरे सपनों का भारत विषय पर आयोजित प्रतियोगिताएं युवाओं को जगाने के लिए ही है।
उप मुख्यमंत्री ने विजेताओं को प्रशस्ति प्रदान करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का विजेता बनने के साथ-साथ उसमें भाग लेना भी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री जी ने अच्छे कार्यों से करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है। स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण के प्रयास, आतंकवाद और नक्सलवाद के दमन, धारा 370 हटाने के साहसिक फैसले और हर घर में नल से साफ पानी पहुंचाने के लिए हजारों करोड़ की जल जीवन मिशन योजना जैसे कार्य देश के विकास को गति दे रहे हैं। विश्व में शांति तभी होगी जब उसका नेतृत्व वसुधैव कुटुम्बकम को मानने वाला भारत नेतृत्व करेगा।
समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितम्बर से सेवा संकल्प अभियान शुरू हुआ है। अभियान के दौरान 2 से 10 अक्टूबर तक सेवा सप्ताह में शामिल 25 तरह की गतिविधियों से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
समारोह में चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पीयूष द्विवेदी, दूसरा स्थान अंजली भारती, तीसरा स्थान अनिल कुशवाहा को प्राप्त हुआ। सांत्वना पुरस्कार पलक बघेल, जान्हवी चतुर्वेदी, श्रेया रावत, सुनैना प्रजापति, शिवानी कोल तथा प्रिया शुक्ला को दिया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार तृप्ति सिंह, दूसरा पुरस्कार आस्था मिश्रा तथा तीसरा पुरस्कारी दिव्यांशी मिश्रा को मिला। इसमें सांत्वना पुरस्कार कंचन प्रजापति, अनुराधा पाण्डेय तथा जयदेव चौरसिया को दिया गया। समारोह में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मिश्रा, प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय आरके जैन, बीईओ एलआर दीपांकर, प्राचार्य ज्ञानोदय विद्यालय प्रभाकर तिवारी तथा प्रतिभागी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने मनकामेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सोमवार को कोठी कंपाउण्ड स्थित मनकामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों के सबंध में निर्देश दिए। मनकामेश्वर शिव मंदिर रीवा शहर का प्राचीन शिव मंदिर है। इसका जन सहयोग से जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

