मप्र के पीथमपुर में मेटल सिक्के बनाने वाली फैक्टरी के नाइट्रोजन टैंक में विस्फोट, 3 मजदूर घायल
धार, 15 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में मंगलवार सुबह मेटल सिक्के बनाने वाली एक फैक्टरी में नाइट्रोजन गैस के रिसीवर टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा औद्योगिक क्षेत्र दहल उठा। इस घटना में तीन मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित इंडोरामा क्षेत्र में मंगलवार सुबह 11 बजे मित्तल कंपनी में तेज धमाका हुआ। कंपनी में नाइट्रोजन गैस के रिसीवर टैंक का निचला हिस्सा फट गया। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन मजदूर घायल हुए हैं। स्थानीय कर्मचारियों और राहत दल ने घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद सभी को श्रीनाथ प्राइवेट हॉस्पिटल भेजा गया।
विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य चलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है। विस्फोट किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह सामने आएगी।
घायलों की पहचान शिवम शर्मा (30) पुत्र मधुसूदन शर्मा, निवासी जाओरा कॉलोनी, सेक्टर-3 पीथमपुर, पुखराज पाटीदार (46) पुत्र बाबूलालजी पाटीदार, निवासी घाटा बिल्लोद और सतेंद्र राठौर (41) पुत्र शिवराज सिंह राठौर, निवासी भोजपुरी कॉलोनी, थाना बेटमा, जिला इंदौर के रूप में हुई है।
मित्तल कंपनी में नाइट्रोजन गैस का रिसीवर टैंक अचानक फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा औद्योगिक क्षेत्र दहल उठा। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे श्रमिकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की पहचान सेक्टर-3 पीथमपुर निवासी शिवम शर्मा, घाटा बिल्लोद निवासी पुखराज पाटीदार और बेटमा, इंदौर निवासी सतेंद्र राठौर के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार घायल तीन श्रमिकों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

