home page

यात्री परिवहन विजन समिट-2026 : यात्री परिवहन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता सृजन पर हुआ मंथन

 | 
यात्री परिवहन विजन समिट-2026 : यात्री परिवहन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता सृजन पर हुआ मंथन


भोपाल, 11 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट-2026 के पहले दिन शुक्रवार को चौथे सत्र में यात्री परिवहन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता सृजन हेतु केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी उपयोग विषय पर चर्चा की गई।

सत्र में ओडिशा शासन के जनसंपर्क निदेशक संजय बिस्वाल ने प्रजेन्टेशन दिया। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी समन्वय के माध्यम से यात्री परिवहन क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर सृजित करने की संभावनाओं पर जानकारी दी। सत्र में एमवायबीकेवी के फाउंडर एवं सीईओ अरिजीत सोनी तथा सौरव धर भी उपस्थित रहे।

सत्र में विशेषज्ञों, नीति निर्धारकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने इस बात को रेखांकित किया कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र मात्र आवागमन का साधन नहीं, बल्कि रोजगार सृजन और जमीनी स्तर पर उद्यमिता को नई दिशा देने का एक मजबूत इंजन है। सत्र के दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न विकासपरक नीतियों और योजनाओं के समन्वय से मध्य प्रदेश में नए अवसर तराशने पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रमुख योजनाओं के समन्वय, ट्रांसपोर्टरों और युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर

सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि केंद्र सरकार की वित्तीय और ढांचागत योजनाएं परिवहन क्षेत्र के कायाकल्प में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो सकती हैं। विशेष रूप से पीएम मुद्रा योजना, पीएमईजीपी, स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड-अप इंडिया के माध्यम से ट्रांसपोर्टरों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों और नए स्टार्टअप्स को वित्तीय संबल प्रदान करने पर विचार हुआ। इसके साथ ही, पीएम कौशल विकास योजना के तहत कुशल एवं तकनीकी कार्यबल तैयार करने, पीएम ई-ड्राइव व पीएम ई-बस सेवा के जरिए ग्रीन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने तथा पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अंतर्गत मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण पर विमर्श किया गया। इन पहलों के जरिए महिला उद्यमियों और युवाओं को ट्रांसपोर्ट सेक्टर से सीधे जोड़ने की रणनीति पर बल दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर