home page

मप्रः ई-प्रवेश अभियान में अब तक चार लाख से अधिक विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश

 | 
मप्रः ई-प्रवेश अभियान में अब तक चार लाख से अधिक विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश


- प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई

भोपाल, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ई-प्रवेश पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इसके अंतर्गत अब तक 4,00,206 विद्यार्थियों ने विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शिक्षक शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्राप्त कर लिया है। इनमें 2,87,564 विद्यार्थी स्नातक, 85,909 स्नातकोत्तर तथा 26,733 विद्यार्थी शिक्षक शिक्षा पाठ्यक्रमों में सम्मिलित हुए हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने शनिवार को बताया कि प्रदेश भर के विद्यार्थियों में उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ते उत्साह का परिणाम है कि 11 जुलाई 2026 तक 6,53,103 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है, जबकि 5,65,576 आवेदनों का सत्यापन सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। द्वितीय चरण की कॉलेज स्तरीय काउंसिलिंग वर्तमान में संचालित है तथा पंजीयन एवं प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ते विश्वास तथा ई-प्रवेश प्रणाली की पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी व्यवस्था को रेखांकित करती है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं जिला स्तर के अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय एवं सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को उसकी रुचि के अनुरूप उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जाए। ऐसे सभी विद्यार्थी जिन्होंने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, वे इस अवसर का लाभ उठाकर निकटतम महाविद्यालय में अपनी पसंद के पाठ्यक्रम में प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर