home page

मप्रः ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर प्रकटोत्सव एकात्म पर्व का आज भव्य समापन

 | 
मप्रः ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर प्रकटोत्सव एकात्म पर्व का आज भव्य समापन


- देश-विदेश के 700 से अधिक युवा लेंगे ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षा

खंडवा, 21 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास द्वारा आदि गुरु शंकराचार्य के प्रकटोत्सव वैशाख शुक्ल पंचमी के उपलक्ष्य में 17 से 21 अप्रैल तक आयोजित पांच दिवसीय “एकात्म पर्व” का आज मंगलवार को भव्य समापन होगा।

ओंकारेश्वर के मांधाता पर्वत पर स्थित “एकात्म धाम” में आयोजित एकात्म पर्व के समापन अवसर पर अभय घाट पर पद्मश्री हेमंत चौहान की “निर्गुण वाणी” और मणिपुर नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि एवं अन्य संतो की उपस्थिति में नर्मदा तट पर आयोजित दीक्षा समारोह में देश-विदेश के 700 से अधिक युवा ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षा लेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बृजेंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि समापन समारोह में प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी एवं अन्य अतिथियों द्वारा अद्वैत वेदांत दर्शन के सुदीर्घ प्रसार के लिए स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती एवं गौतम भाई पटेल को सम्मानित किया जाएगा। समापन अवसर पर आयोजित शंकरावतरणम् कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री लोधी के अलावा जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि और चिन्मय मिशन के स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती, दक्षिणामूर्ति मठ के प्रमुख स्वामी पुण्यानंद गिरि, राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति बी. राम सुब्रमण्यम भी प्रमुख रूप से सम्मिलित होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर