home page

ग्वालियर में आज ‘एनपीएस संचय’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 | 
ग्वालियर में आज ‘एनपीएस संचय’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन


पेंशन सुरक्षा और नियमित बचत के प्रति लोगों को जागरूक करने पर रहेगा जोर

ग्वालियर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में अग्रणी जिला बैंक कार्यालय द्वारा आज गुरुवार को रेडिसन होटल में ‘एनपीएस संचय’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन लोगों को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) की जानकारी देने और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से हो रहा है।

लीड बैंक ऑफीसर अमिता शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों सहित किसानों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, कारीगरों और निर्माण श्रमिकों को पेंशन योजना के लाभों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही नियमित बचत, पेंशन नियोजन, अंशदान और योजना से जुड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इस पहल के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों में पेंशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी पेंशन सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर