home page

निवाड़ी: डायल 112 के जवानों ने आत्महत्या के लिए रेलवे पटरी पर बैठी महिला को बचाया

 | 
निवाड़ी: डायल 112 के जवानों ने आत्महत्या के लिए रेलवे पटरी पर बैठी महिला को बचाया


भोपाल, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में डायल-112 जवानों की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से आत्महत्या के उद्देश्य से रेलवे पटरी पर बैठी एक महिला की जान बचाई गई। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित गंभीर घटना को टाल दिया गया।

पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि 16 मार्च को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि निवाड़ी रेलवे स्टेशन पर एक महिला आत्महत्या के उद्देश्य से रेलवे पटरी पर बैठ गई है। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुँचकर आरक्षक नरेंद्र गौतम एवं पायलट आनंद कुमार ने पाया कि पारिवारिक विवाद के चलते अवसादग्रस्त 21 वर्षीय महिला रेलवे पटरी पर बैठी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 जवानों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को समझाइश देकर सुरक्षित पटरी से हटाया। इसके पश्चात महिला पहचान एवं सत्यापन उपरांत उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर