home page

दमोह: रात 2:30 बजे खनिज विभाग की कार्रवाई, पटेरा क्षेत्र से ओवरलोड ट्रक व डम्पर जप्त

 | 
दमोह: रात 2:30 बजे खनिज विभाग की कार्रवाई, पटेरा क्षेत्र से ओवरलोड ट्रक व डम्पर जप्त


दमोह: रात 2:30 बजे खनिज विभाग की कार्रवाई, पटेरा क्षेत्र से ओवरलोड ट्रक व डम्पर जप्त


दमोह, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में शनिवार रात करीब 2.30 बजे खनिज विभाग पटेरा तहसील क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। सूचना के आधार पर टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए ओवरलोड खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ा।

ग्राम देवडोगरा में फर्शी पत्थर का ओवरलोड परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रक को जप्त किया गया। जांच में पाया गया कि वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज सामग्री लेकर चल रहा था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अतिरिक्त ग्राम पटेरा में गिट्टी का ओवरलोड परिवहन करते एक डम्पर को भी जप्त किया गया। वाहन के दस्तावेजों और भार की जांच के दौरान परिवहन नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

दोनों जप्त वाहनों को थाना पटेरा में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार की जा सके। खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोनों प्रकरणों में गौण खनिज नियमों के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। संबंधित वाहन मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध उत्खनन एवं ओवरलोड परिवहन न केवल शासन को राजस्व हानि पहुंचाते हैं, बल्कि सड़कों को क्षति, दुर्घटनाओं की आशंका और पर्यावरणीय असंतुलन का कारण भी बनते हैं।

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने निर्देश दिए हैं कि अवैध खनिज गतिविधियों पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए रात्रि गश्त, आकस्मिक जांच और विभागीय समन्वय से संयुक्त अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। प्रशासन ने वाहन संचालकों और खनिज व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव