home page

राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से अलंकृत होंगे संगीत निर्देशक शान्तनु मोइत्रा

 | 
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से अलंकृत होंगे संगीत निर्देशक शान्तनु मोइत्रा


- इंदौर में 27 एवं 28 सितम्बर को होगा दो दिसवीय अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन

इंदौर, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 का सुप्रतिष्ठित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान प्रसिद्ध संगीतकार शान्तनु मोइत्रा, मुम्बई को प्रदान किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान स्वर कोकिला एवं भारत रत्न लता मंगेशकर की जन्मस्मृति पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।

संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने बुधवार रात जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन इंदौर के सहयोग से अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन 27 एवं 28 सितम्बर, 2026 को इंदौर के लता मंगेशकर सभागार में सायं 7 बजे से आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह में 27 सितम्बर, 2026 को अमर लता हमारी लता..... संगीत संध्या आयोजित होगी। इसमें इंदौर के गायक अभय आहूजा, विवेक भारद्वाज, संजोत बरोट, पद्मा शुक्ला, सुषमा राव, सिद्धार्थ दुबे, वैशाली चौहान, मुस्कान चौहान, सौम्या सिन्हा एवं दीपिका पुरोहित द्वारा गीत-संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। इस संगीत संध्या में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

संस्कृति संचालक नामदेव ने बताया कि 28 सितम्बर, 2026 राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुविख्यात संगीतकार शान्तनु मोइत्रा, मुम्बई को अलंकृत किया जाएगा। सम्मान स्वरूप कर मुक्त रुपये 5 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। अलंकरण समारोह के बाद सुविख्यात गायक जोड़ी सचेत- परम्परा की संगीत संध्या होगी। इस कार्यक्रम में भी प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान

संस्कृति संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक श्रेष्ठता को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से मध्य प्रदेश शासन द्वारा राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान वर्ष 1984 में स्थापित किया गया था। यह सम्मान बारी-बारी से संगीत रचना और गायन के लिए प्रदान किया जाता है। इस सम्मान से अब तक 42 विभूतियां अलंकृत हो चुकी हैं। विगत वर्ष आयोजित अलंकरण समारोह में वर्ष 2024 का संगीत निर्देशन के लिए शंकर – एहसान – लॉय, मुम्बई एवं वर्ष 2025 का पार्श्व गायन के लिए सोनू निगम, मुम्बई को अलंकृत किया गया था। वर्ष 2026 में पुरस्कार संगीत निर्देशन के लिए शान्तनु मोइत्रा को प्रदान किया जा रहा है।

शान्तनु मोइत्रा भारतीय सिनेमा के उन संगीतकारों में हैं, जिनकी रचनाओं में सुरों की मधुरता के साथ संवेदनाओं, लोकधुनों और जीवन के अनुभवों की गहरी छाप दिखाई देती है। 22 जनवरी, 1968 को लखनऊ में जन्मे मोइत्रा ने विज्ञापन जगत से संगीत की दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर हिंदी सिनेमा के प्रमुख संगीतकार एवं बैकग्राउंड स्कोर कम्पोजर के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। ‘परिणीता’, ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’, ‘लगे रहो मुन्नाभाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘मद्रास कैफे’, ‘पीकू’, ‘अक्टूबर’ एवं ‘12वीं फेल’ जैसी फिल्मों में उनका संगीत कहानी के भावों को स्वर देता है। उनकी कला को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है। तेलुगु फिल्म ‘ना बंगारू तल्ली’ के लिए उन्हें 2014 में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार (सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन - बैकग्राउंड स्कोर) प्राप्त हुआ।

सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण

एनपी नामदेव ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन, संस्कृति विभाग की निरन्तर अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रसारित करने की परम्परा है। यह अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या उसी परम्परा का अनुसरण है। हमारे प्रदेश में अनेक महान विभूतियों का जन्म हुआ एवं उन्होंने कार्य भी किया। यह हम सभी प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है कि स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर का जन्म मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ। उन्होंने हजारों गीत गाये जो आज भी लोकप्रिय हैं। ऐसे आयोजनों से यही प्रयास होता है कि युवा पीढ़ी अपनी विरासत से परिचित हो एवं उसे आगे बढ़ाने का कार्य भी करे। संस्कृति विभाग द्वारा महान विभूतियों के नाम पर 20 से भी अधिक सम्मान स्थापित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर