मप्रः नरसिंहपुर के जिला अस्पताल को मिली डायलिसिस मशीन की सौगात
- मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने एवं राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने किया शुभारंभ
भोपाल, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने रविवार को नरसिंहपुर के जिला अस्पताल में नई डायलिसिस मशीन का लोकार्पण कर मरीजों के लिए उपचार सुविधा का शुभारंभ किया। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से 21 लाख रुपये की लागत से स्थापित दो नई हीमोडायलिसिस मशीन प्रदान की गई है।
मंत्री पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जिला अस्पताल में डायलिसिस मशीन शुरू होने से अब किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और धन बचेगा तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विशेषज्ञ सेवाओं के माध्यम से जिला अस्पतालों को निरंतर सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटेल ने स्वर्गीय अजय नारायण मुशरान के व्यक्तित्व और सार्वजनिक जीवन से जुड़े संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके संस्कार, सादगी, व्यवहार और रिश्तों को निभाने की क्षमता से होती है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अजय नारायण मुशरान राजनीति से ऊपर उठकर मानवीय मूल्यों को जीने वाले व्यक्तित्व थे। वे अध्ययनशीलता, सादगी और आत्मीय व्यवहार के प्रतीक थे।
मंत्री पटेल ने बताया कि जब वे पहली बार सांसद बनकर संसद में पहुंचे तब स्व. अजय नारायण मुशरान ने निरंतर अध्ययन करने और संसदीय कार्यवाही पढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने सिखाया कि जनप्रतिनिधि के लिए भाषा नहीं, बल्कि विषय का ज्ञान, तैयारी और गंभीरता सबसे अधिक महत्वपूर्ण होती है।
मंत्री पटेल ने कहा कि स्वर्गीय मुशरान ने हमेशा सादगीपूर्ण जीवन जिया और आम लोगों के बीच सहज रूप से रहे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी जनता से जुड़े रहकर सेवा और विनम्रता की परंपरा को आगे बढ़ाना चाहिए। नरसिंहपुर की राजनीतिक संस्कृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और आत्मीयता की स्वस्थ परंपरा रही है, जिसे आगे भी बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि नरसिंहपुर आना उनके लिए अपने परिवार के बीच आने जैसा है। उन्होंने कहा कि मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से उनका वर्षों पुराना पारिवारिक रिश्ता है और जनसेवा के अनेक अवसरों पर दोनों ने साथ मिलकर कार्य किया है।
तन्खा ने जबलपुर में आए भूकंप के समय को याद करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में वे रोटरी क्लब के माध्यम से राहत एवं सेवा कार्यों में जुटे हुए थे। उस समय प्रहलाद सिंह पटेल भी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और उनकी हरसंभव सहायता करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में लोगों के बीच रहकर सेवा करना ही सच्चा जनप्रतिनिधि होने का परिचायक है। उन्होंने कहा कि आज जिला अस्पताल को दो डायलिसिस मशीनों की सौगात मिली है, जो जिले के मरीजों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जीवन बचाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है और ऐसे प्रयासों में वे हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
तन्खा ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की आधुनिक डायलिसिस मशीनें छोटे-छोटे शहरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि गंभीर मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने बताया कि वे जबलपुर में एक अत्याधुनिक डायलिसिस सेंटर स्थापित करने की दिशा में भी प्रयासरत हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रहली में डायलिसिस मशीन की स्थापना के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनेंगी तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक सुनीता पटेल, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतम पुरी गोस्वामी, मैथिलीशरण तिवारी, रुद्रेश तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर रजनी सिंह, सीएमएचओ, सिविल सर्जन, गणमान्य नागरिक और जिला अस्पताल का स्टाफ मौजूद था।
हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

