केंद्रीय मंत्री मांझी से मिले मप्र के एमएसएमई मंत्री, एमएसई-सीडीपी की लंबित राशि जारी करने का किया आग्रह
- केंद्रीय मंत्री ने की मध्य प्रदेश की तारीफ, सभी मामलों के शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय एमएसएमई मंत्री जीतनराम मांझी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने एमएसई-सीडीपी की लंबित राशि जारी करने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री मांझी ने मध्य प्रदेश की तारीफ करते हुए सभी मामलों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया है।
मप्र के एमएसएमई मंत्री काश्यप ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर उक्त जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने केन्द्रीय मंत्री माझी को मुख्यमंत्री डाँ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में एमएसएमई में हुए ऐतिहासिक कार्यों के बलवूते पर आए निवेश और इंडस्ट्रीज से बढ़े रोजगार से आए बदलाव की जानकारी दी। केंद्रीय मंत्री मांझी ने मध्य प्रदेश में एमएसएमई के विस्तार के लिए एमएसएमई इकाइयों को दी जा रही प्रोत्साहन राशि के लिए मुख्यमंत्री डाँ. यादव और विभाग की सराहना भी की।
एमएसएमई मंत्री काश्यप ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का अग्रणी राज्य है, जिसने रैम्प योजना में अग्रणी स्थान अर्जित करने के साथ ही एमएसएमई पंजीयन में भी बेहतर कार्य किया है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में एमएसएमई क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए भारत सरकार की एमएसई-सीडीपी (सूक्ष्म लघु उद्यम क्लस्टर विकास कार्यक्रम) तथा आरएएमपी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मध्य प्रदेश सरकार सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा एमएसई-सीडीपी अंतर्गत विगत माह में स्वीकृत 15 परियोजनाओं में से 10 परियोजनाओं के केंद्रीय अंश 7,884.40 लाख रुपये के प्रस्ताव पोर्टल पर प्रेषित किए गए हैं एवं पांच परियोजनाओं के प्रस्ताव सिडबी में लंबित हैं।
100 करोड़ से अधिक बजट वाले राज्यों में मध्य प्रदेश दूसरा
केंद्रीय मंत्री मांझी को मंत्री काश्यप ने बताया कि आरएएमपी अंतर्गत 150.51 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हुई है। योजना के सभी 12 घटकों में कार्य प्रारंभ है, केंद्रीय राशि व्यय में मध्य प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर 6वें और 100 करोड़ रुपये से अधिक बजट वाले राज्यों में दूसरे स्थान पर है। पूर्व में एमएसई-सीडीपी अंतर्गत स्वीकृत 11 क्लस्टरों में से 4 पूर्ण व 7 प्रगतिशील हैं। अलीराजपुर सीएफसी भवन का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
लंबित प्रस्तावों को निराकृत करने का भरोसा
मध्य प्रदेश के एमएसएमई मंत्री काश्यप ने केंद्रीय मंत्री मांझी से आग्रह किया कि एमएसई-सीडीपी अंतर्गत 2,250.50 लाख रुपये की शेष राशि विमुक्त करने के लिए संबंधितों को समुचित निर्देश देने का कष्ट करें। उन्होंने एमएसई-सीडीपी की लंबित राशि का भुगतान के साथ ही नवीन प्रस्तावों की स्वीकृति एवं मूल्यांकन समय-सीमा में करने के लिए संबंधितों को आवश्यक निर्देश देने संबंधी अनुरोध भी किया। मंश्री काश्यप ने बताया कि केंद्रीय मंत्री मांझी से चर्चा सार्थक रही है और उन्होंने लंबित मामले शीघ्र हल होने का आश्वासन भी दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

