home page

मुरैनाः 25 लाख रुपये की फिरौती नहीं देने पर तीन बदमाशों ने मेडिकल स्टोर पर की फायरिंग

 | 
मुरैनाः 25 लाख रुपये की फिरौती नहीं देने पर तीन बदमाशों ने मेडिकल स्टोर पर की फायरिंग


मुरैना, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अंबाह थाना क्षेत्र अंतर्गत पोरसा चौराहे पर रविवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक मेडिकल स्टोर पर ताबड़तोड़ कर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने पहले 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पैसे न देने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश रविवार को दोपहर में अंबाह के पोरसा चौराहे पर स्थित विकास मेडिकल स्टोर के पास पहुंचे। दोपहर करीब 3:45 बजे बदमाशों ने बिना किसी को चेतावनी दिए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना स्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल पर बदमाशों की करतूत का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही अंबाह पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाके का जायजा लिया। पुलिस को फायरिंग स्पॉट से 7 कारतूस बरामद हुए हैं, जिनमें से पांच गोलियां चल चुकी थीं। मौके पर पांच खाली राउंड भी पाए गए। इसके अलावा, दो जिंदा कारतूस भी मौजूद थे। वारदात में शामिल बदमाशों और गैंग की पहचान नहीं हो पाई है। वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान और तलाश में जुट गई। फिलहाल, मामले की छानबीन जारी है।

घटना के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक विकास गुप्ता घर पर खाना खाने गए हुए थे। उनके माता-पिता दुकान में मौजूद थे। विकास गुप्ता ने बताया कि दो दिन पहले उनके पास एक युवक आया, जिसके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। विकास ने तुरंत इस धमकी की जानकारी अंबाह पुलिस को दी थी। इसके बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पाई, जिससे बदमाशों का हौसला बढ़ गया।

पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच में हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है। वीडियो और गवाहों के बयानों से पुलिस को बदमाशों की पहचान करने में मदद मिलने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर