home page

मप्र में मानसून का जोर: इंदौर में दुल्हन को गोद में लेकर मंडप पहुंचा दूल्हा, खजुराहो हाईवे पर 3 फीट पानी

 | 
मप्र में मानसून का जोर: इंदौर में दुल्हन को गोद में लेकर मंडप पहुंचा दूल्हा, खजुराहो हाईवे पर 3 फीट पानी




-35 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश, सेंधवा में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, दो छात्राएं घायल

भोपाल, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे अधिक 4.4 इंच बारिश खजुराहो और 4.2 इंच मंडला में रिकॉर्ड की गई। लगातार छह दिनों से हो रही बारिश के चलते प्रदेश की औसत वर्षा करीब 7 इंच पहुंच गई है। जून के अंत तक जहां बारिश 33 प्रतिशत कम थी, वहीं अब यह सामान्य से केवल 1 प्रतिशत कम रह गई है।

मंगलवार को बड़वानी, धार, बुरहानपुर, रतलाम, टीकमगढ़, पन्ना सहित कई जिलों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर और छतरपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी दी गई है।

इंदौर में 'रेनी वेडिंग' बनी चर्चा का विषय

लगातार बारिश के बीच इंदौर के कैट रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में हुई शादी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। तेज बारिश से पूरे गार्डन में घुटनों तक पानी भर गया, लेकिन इसके बावजूद विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। जलभराव के कारण दूल्हे वैभव ने दुल्हन पूर्वा को गोद में उठाकर मंडप और बाद में हॉल तक पहुंचाया। पानी में जूते-चप्पल तैरते रहे, मेहमान भी भीगते रहे, लेकिन समारोह का उत्साह कम नहीं हुआ। इस अनोखी शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

सेंधवा में स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, दो छात्राएं घायल

बड़वानी जिले के सेंधवा स्थित सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल में मंगलवार को बारिश के दौरान कक्षा नौ के कमरे की छत का प्लास्टर गिर गया। हादसे में दो छात्राओं के सिर में मामूली चोटें आईं। दोनों का सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। घटना के बाद स्कूल भवन की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

इंदौर के पास सड़क धंसी, ग्रामीणों ने बनाई मानव शृंखला

इंदौर से करीब 30 किलोमीटर दूर जेतकारण गांव में मंगलवार काे सड़क धंसने से स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित हो गया। उफनते नाले को पार कराने के लिए ग्रामीणों ने मानव शृंखला बनाई और बच्चों को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग की है।

खजुराहो में हाईवे जलमग्न, यातायात प्रभावित

लगातार बारिश के कारण खजुराहो के प्रवेश द्वार बमीठा में नेशनल हाईवे-39 पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। खूडर नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंचने पर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर खजुराहो-जटकरा मार्ग बंद कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है।

पन्ना में अस्पताल तक पहुंचा पानी, नाले उफान पर

पन्ना जिले में लगातार बारिश के कारण जिला अस्पताल के सर्जिकल और डिलीवरी वार्ड की गैलरी में पानी भर गया। हरसा-बागोहा नाला उफान पर होने से पुल के ऊपर से पानी बहता रहा। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नाला पार करते नजर आए। जिले के निदान वॉटरफॉल में जलस्तर बढ़ने से बीच धारा में फंसे दो युवकों को पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला।

रायसेन के आश्रम में भरा पानी, 60 छात्र सुरक्षित निकाले गए

रायसेन जिले के बरेली स्थित बापौली धाम आश्रम में सोमवार रात तेज बारिश के बाद पानी भर गया। संस्कृत पाठशाला में रह रहे करीब 60 छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। आश्रम परिसर के मंदिर, गोशाला और अन्य हिस्सों में भी पानी घुस गया। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

खंडवा, झाबुआ और शाजापुर में भी बारिश का असर

खंडवा में सुक्ता नदी उफान पर आने से हापला और दीपला गांवों का संपर्क टूट गया तथा दो भैंसें बह गईं। झाबुआ में झमाझम बारिश से पम्पावती नदी का जलस्तर बढ़ा और किसानों को खरीफ फसलों के लिए राहत मिली। शाजापुर में लगातार दूसरे दिन तेज बारिश हुई, जिससे कालीसिंध नदी का जलस्तर बढ़ गया। हरदा में इस सीजन की वर्षा 13 इंच के पार पहुंच गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और पुल-पुलियों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे