home page

राजगढ़ः डिजिटल स्व-गणना अभियान का शुभारंभ, राज्यमंत्री पंवार ने की सहभागिता की अपील

 | 
राजगढ़ः डिजिटल स्व-गणना अभियान का शुभारंभ, राज्यमंत्री पंवार ने की सहभागिता की अपील


राजगढ़,16 अप्रैल(हि.स.)। भारतीय जनगणना अभियान के अंतर्गत गुरुवार को ब्यावरा में डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के नारायणसिंह पंवार ने स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर अभियान की शुरुआत की और आम नागरिकों को भी इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि डिजिटल स्व-गणना व्यवस्था नागरिकों को अपनी जानकारी स्वयं, सरलता और पूर्ण सुरक्षा के साथ दर्ज करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 16 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। राज्यमंत्री ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास और नीति निर्माण की आधारशिला है। जनगणना के माध्यम से सरकार को जनसंख्या,सामाजिक- आर्थिक स्थिति, आवास, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की सटीक जानकारी मिलती है,जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि सही व पूर्ण जानकारी दर्ज करने से आने वाली पीढ़ियों को भी लाभ मिलता है।

इस अवसर पर मंत्री पंवार ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया में अवश्य भाग लें, क्योंकि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इस राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि व्यापक सहभागिता से जनगणना के आंकड़े अधिक सटीक होंगे और यह देश के उज्ज्वल भविष्य तथा विकास की दिशा में एक सशक्त कदम साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक