राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की
- एम्स अस्पताल साकेत नगर, ग्लोबल स्किल पार्क एवं भानपुर में भक्तिभाव से आलोकित हुई स्वर्णिम दीपमालाएं
भोपाल, 17 सितम्बर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में गुरुवार को प्रदेश में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भोपाल के गोविंदपुरा क्षेत्र में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने भोपाल में गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के साकेत नगर स्थित एम्स अस्पताल परिसर, जेके रोड स्थित ग्लोबल स्किल पार्क तथा भानपुर में भक्तिभावपूर्वक दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दीर्घायु, यशस्वी एवं निरामय जीवन की ईश्वर से भावपूर्ण प्रार्थना की।
'आत्मनिर्भर भारत' एवं 'विकसित भारत 2047' के विज़न से देश छू रहा नई ऊंचाइयां
राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी एवं दृढ नेतृत्व में भारत आज वैश्विक पटल पर एक सशक्त एवं स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में पुनर्स्थापित हुआ है। देश 'आत्मनिर्भर भारत' तथा 'विकसित भारत 2047' के संकल्पबद्ध विज़न के साथ प्रगति और नव-निर्माण की नई ऊंचाइयों को स्पर्श कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संपूर्ण जीवन मां भारती की अनवरत सेवा तथा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित है।
उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की मंगलकामना
राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्र सेवा के महायज्ञ के लिए ईश्वर सदैव उत्तम स्वास्थ्य, अपरिमित ऊर्जा और दीर्घायु प्रदान करें। गोविंदपुरा क्षेत्र के इन प्रमुख संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रज्ज्वलित दीप केवल उत्सव के प्रतीक नहीं हैं, अपितु देश की सुख, समृद्धि, प्रगति तथा लोक-कल्याण के प्रति प्रत्येक नागरिक की अटूट प्रतिबद्धता के आलोक स्तंभ हैं।
अभूतपूर्व जन-उल्लास एवं जनभागीदारी
कार्यक्रम में एम्स अस्पताल साकेत नगर, ग्लोबल स्किल पार्क जेके रोड तथा भानपुर क्षेत्र में स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, प्रबुद्धजनों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने स्व-प्रेरणा से दीप प्रज्ज्वलन में सहभागिता निभाई। सायंकाल आलोकित हुई स्वर्णिम दीपमालाओं ने समूचे अंचल को मांगलिक आभा से सराबोर कर दिया। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले माहव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत इस पहल ने सेवा, सहभागिता और सामाजिक समरसता के पावन संकल्प को प्रखरता प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

