home page

छिंदवाड़ाः जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने देवगढ़ किले का किया भ्रमण

 | 
छिंदवाड़ाः जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने देवगढ़ किले का किया भ्रमण


- संरक्षण और बेहतर रख-रखाव के लिए दिए निर्देश

छिन्दवाडा, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने रविवार को छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान जिले की ऐतिहासिक धरोहर देवगढ़ किले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने किले की ऐतिहासिक महत्वता को देखते हुए इसके संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा बेहतर रख-रखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने जनजातीय कार्य मंत्री डॉ.शाह को किले की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा संरक्षण कार्यों के बारे में जानकारी दी। मंत्री डॉ शाह ने किले परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाए रखने, आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किले तक पहुंचने वाले मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जनजातीय कार्य मंत्री डॉ.शाह ने कहा कि देवगढ़ का किला गोंड राजाओं की समृद्ध शासन व्यवस्था, वीरता और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थल कभी गोंड शासन की प्रमुख राजधानी के रूप में प्रसिद्ध था और यहां की ऐतिहासिक धरोहरें उस गौरवशाली इतिहास की याद दिलाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रदेश सरकार इनके संरक्षण तथा पर्यटन विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उल्लेखनीय है कि जिले का देवगढ़ किला ऐतिहासिक और स्थापत्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह किला गोंड शासनकाल में निर्मित हुआ था और लंबे समय तक गोंड राजाओं की राजधानी के रूप में प्रसिद्ध रहा। पहाड़ी की चोटी पर स्थित यह किला रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण था, जहां से आसपास के क्षेत्र की निगरानी की जा सकती थी। किले परिसर में प्राचीन महल, मंदिर, जल संरचनाएं और परकोटे आज भी उस समय की स्थापत्य कला और समृद्ध शासन व्यवस्था की झलक प्रस्तुत करते हैं।

देवगढ़ स्थित जय मां भवानी मंदिर में किए दर्शन -

देवगढ़ प्रवास के दौरान मंत्री डॉ. विजय कुंवर शाह ने देवगढ़ क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध जय मां भवानी मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना की और प्रदेश तथा जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह स्थल क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए। इस दौरान उनके साथ नगर निगम छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहके, देवगढ़ के राजाओं के वंशज परिवार से राजे वीरेंद्र शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर