छिंदवाड़ाः होम स्टे देख प्रफुल्लित हुए मंत्री डॉ.शाह, पर्यटन ग्राम देवगढ़ में हुआ पारंपरिक तरीके से स्वागत
- पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाओं को जाना और दिए महत्वपूर्ण सुझाव
छिन्दवाडा, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह रविवार को पर्यटन ग्राम देवगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए गए होम स्टे का अवलोकन किया। होम स्टे को देखकर वे प्रफुल्लित हुए। देवगढ़ पहुंचने पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ.शाह ने करीब एक घंटे से अधिक समय होम स्टे में बिताया और यहां आने वाले पर्यटकों तथा उन्हें दिए जाने वाले अतिथि सत्कार के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान होम स्टे संचालिकाकविता देवी सिंह धुर्वे ने उन्हें बताया कि यहां आने वाले पर्यटकों को परोसे जाने वाले भोजन की अधिकांश सब्जियां हितग्राही जैविक तरीके से अपने घरों में ही उगाते हैं। साथ ही यहां पर्यटकों को किफायती दामों पर ताजे फल और सब्जियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं, जिन्हें वे खरीदकर अपने साथ घर भी ले जाते हैं।
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ.शाह ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से पर्यटकों के लिए संचालित अन्य गतिविधियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। होम स्टे में नाश्ते के दौरान उन्होंने हितग्राहियों को देवगढ़ और पर्यटन के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि सभी ग्रामीण मिलकर पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करें और बेहतरीन अतिथि सत्कार प्रदान करें, ताकि देवगढ़ का नाम पर्यटन के नक्शे में प्रमुखता से लिया जा सके और यहां पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो।
होम स्टे भ्रमण के दौरान जनजातीय कार्य मंत्री डॉ.शाह के साथ नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके, जय भवानी पर्यटन समिति के सदस्य तथा बैक टू विलेज संस्था से राजेंद्र पाठे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के सहयोग से पर्यटन ग्राम देवगढ़ में वर्तमान में 12 होम स्टे संचालित किए जा रहे हैं, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ग्रामीण आतिथ्य के कारण पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

