मप्र के मऊगंज में एक ही ट्रेलर से टकराई दो बाइक, तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
मऊगंज, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत पन्नी-पथरिया नेशनल हाईवे पर मंगलवार को दो तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तीन युवक पल्सर बाइक से नेशनल हाईवे से गुजर रहे थे। युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे। साथ ही मोबाइल पर रील बना रहे थे। इसी दौरान उनका ध्यान भटक गया और बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे के ठीक बाद पीछे आ रही एक अन्य टीवीएस अपाचे बाइक भी अनियंत्रित हो गई और उसी ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मऊगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुंची थाना प्रभारी रीना सिंह ने बताया कि एक ही ट्रेलर से दो बाइकों की भिड़ंत हुई है। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लौर थाना क्षेत्र के बेला निवासी उपलक्ष्य कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) के रूप में हुई है। वहीं चितई पुरवा पिपरा के प्रशांत द्विवेदी (19) और प्रदीप द्विवेदी (17) घायल हुए हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के पास से एक गन लाइटर भी मिला है। पुलिस ने ट्रेलर ट्रक को जब्त कर लिया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

