home page

मप्र में छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली

 | 
मप्र में छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली


मप्र में छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली


मप्र में छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली


- मालवा में उतरा बिहार-पूर्वांचल... छठ के रंग में रंगा पूरा इंदौर, शारदा सिन्हा के अमर छठ गीतों ने बांधा समां

इंदौर, 15 नवंबर (हि.स.)। डूबते सूरज की लालिमा, जलकुंडों में हाथ जोड़कर खड़ी व्रती महिलाएं, सिर पर प्रसाद से भरी बांस की टोकरी लिए घाटों की ओर बढ़ते परिजन और चारों तरफ गूंजते छठी मैया के पारंपरिक गीत...। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में रविवार की शाम का नजारा कुछ ऐसा ही था।

लोक आस्था के महापर्व छठ की भक्ति में पूरा शहर सराबोर नजर आया। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए 150 से अधिक छठ घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इंदौर में घाटों पर बज रहे 'कांच ही बांस के बहंगिया', 'उगे हे सूरज देव' और स्वर्गीय लोकगायिका शारदा सिन्हा के अमर छठ गीतों ने ऐसा समां बांधा कि लगा मानो मालवा की धरती पर पूरा बिहार और पूर्वांचल उतर आया हो।

मध्य प्रदेश में भी पूर्वांचलवासियों द्वारा चार दिवसीय छठ महापर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रविवार को पर्व के तीसरे दिन प्रदेशभर के विभिन्न शहरों में छठ घाटों पर दोपहर तीन बजे से ही व्रतियों और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कोई सिर पर बांस की बहंगी और टोकरी में सजे ठेकुआ, नारियल, केला, गन्ना, मौसमी फल और पूजा सामग्री लेकर घाट की ओर बढ़ रहा था तो कोई परिवार के बच्चों और बुजुर्गों के साथ छठी मैया के गीत गाते हुए पहुंच रहा था। रंग-बिरंगी साड़ियों में सजी महिलाएं, माथे पर लंबा सिंदूर लगाए और हाथों में पूजा सामग्री लिए घाटों की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थीं। अपराह्न चार बजे के बाद जलकुंडों में व्रतियों के उतरने का सिलसिला शुरू हुआ। सूर्यास्त से पहले ही घाटों के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। कहीं पानी में जलते दीपों की टिमटिमाती लौ दिखाई दे रही थी तो कहीं केले के पत्तों, नारियल और मौसमी फलों से सजी बांस की टोकरियां छठी मैया की पूजा के लिए तैयार थीं। घाटों पर बजते पारंपरिक गीतों के बीच बच्चों की चहल-पहल, परिजनों की आवाजाही और महिलाओं के सामूहिक छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

सूर्य की अंतिम किरण तक चलता रहा अर्घ्य का सिलसिला

जैसे-जैसे सूर्य पश्चिम दिशा में अस्ताचल की ओर बढ़े, घाटों पर श्रद्धा का उत्साह और गहरा होता गया। जलकुंडों में कमर तक पानी में खड़ी व्रती महिलाएं और पुरुष हाथ जोड़कर भगवान सूर्य की प्रतीक्षा कर रहे थे। सूर्यास्त का समय होते ही परिजनों ने व्रतियों के हाथों में फलों और प्रसाद से भरी बांस की टोकरी थमाई। इसके बाद व्रतियों ने जल और दूध से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। सूर्य को प्रणाम करते हुए उन्होंने संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और समाज तथा देश के कल्याण की कामना की। इस दौरान घाटों पर उपस्थित श्रद्धालु भी हाथ जोड़कर सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना में शामिल हो गए। कहीं महिलाएं पारंपरिक छठ गीत गा रही थीं तो कहीं परिवार के सदस्य व्रतियों के साथ पूजा की प्रत्येक परंपरा निभाते नजर आए। डूबते सूर्य की लालिमा के बीच जल में झिलमिलाते दीप, फूलों और फलों से सजी टोकरियां तथा सामूहिक आराधना का दृश्य देर तक लोगों को भावविभोर करता रहा।

पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह और महासचिव केके झा ने बताया कि इंदौर में छठ महापर्व की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। बिहार और पूर्वांचल के लोगों के साथ अब मालवा के स्थानीय परिवार भी इस पर्व में उत्साह से सहभागी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक संस्कार, सामाजिक एकजुटता और लोक संस्कृति से जुड़ाव का महापर्व है। इंदौर में 150 से अधिक स्थानों पर छठ आयोजन होना शहर की इसी सांस्कृतिक आत्मीयता का परिचायक है।

इन घाटों पर उमड़ी सबसे अधिक रौनक

इंदौर के प्रमुख छठ पूजा स्थलों में स्कीम नंबर 54, अनुपम नगर, स्कीम नंबर 78, तुलसी नगर, समर पार्क, पिपलियापाला तालाब, बाणगंगा कुंड, पिपलियाहाना तालाब, टिगरिया बादशाह तालाब, सूर्य मंदिर (कैट रोड), सुखलिया, देवास नाका, मेघदूत नगर, शंखेश्वर सिटी, सिलिकॉन सिटी, एरोड्रम रोड, ड्रीम सिटी, शिप्रा और वक्रतुण्ड नगर सहित अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। कई घाटों पर स्थानीय समितियों और सामाजिक संगठनों ने प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की थीं। अनेक स्थानों पर रात में भजन संध्याओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। पारंपरिक छठ गीतों और भजनों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। शहर के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और व्रतियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

आज उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न होगा महापर्व

चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा। इसके लिए व्रती तड़के ही घाटों पर पहुंचेंगे और सूर्योदय की प्रतीक्षा में जलकुंडों में खड़े होकर भगवान भास्कर की आराधना करेंगे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण करेंगे। इसके साथ ही ठेकुआ, केला और अन्य फलों का प्रसाद परिजनों तथा श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व सूर्योपासना, प्रकृति के सम्मान, संयम, त्याग और सामाजिक सौहार्द का संदेश देकर संपन्न होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर