मप्रः भोपाल के न्यू मार्केट में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद भड़की भीषण आग, 3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर एक दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से शुरू हुई आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठती दिखाई दीं। आग की चपेट में आसपास की 5-6 दुकानें और 10-12 रेहड़ियां आ गईं। घटना के समय बाजार में करीब 50-60 लोग मौजूद थे। आग से बचने के प्रयास में पहली मंजिल से तीन लोगों ने नीचे छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आई हैं।
आग की चपेट में आम्रपाली रेस्टोरेंट के संचालक पवन अग्रवाल भी आए। बताया गया कि आग तेजी से फैलने के बाद अग्रवाल और उनके साथियों ने पहली मंजिल से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद न्यू मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उसे नियंत्रित करने में दमकलकर्मियों को करीब तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। 15 से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान आग प्रभावित दुकान की दीवार भी तोड़नी पड़ी।
आग की शुरुआत बालाजी छोले-भटूरे की दुकान से हुई और इसके बाद आसपास की दुकानों तक फैल गई। इसकी चपेट में कुर्ता-पायजामा की दुकान, मोबाइल शॉप, चार मंजिला बर्तन की दुकान और रेडीमेड कपड़ों की दुकान भी आ गई। इसके अलावा बाजार में लगी 10-12 रेहड़ियां भी आग में जल गईं।
प्रभावित व्यापारियों के मुताबिक, दिवाली के त्योहार को देखते हुए दुकानों में बड़ी मात्रा में नया स्टॉक रखा गया था। आग में यह सामान जलकर नष्ट हो गया। व्यापारियों ने नुकसान काफी अधिक होने की बात कही है। चार मंजिला बर्तन की दुकान भी आग की चपेट में आने से बड़ा नुकसान हुआ है।
संदीप गारमेंट्स के संचालक संजय कुमार जैन के अनुसार सबसे पहले बालाजी छोले-भटूरे की दुकान की भट्ठी में आग लगी थी। उन्होंने नगर निगम को सूचना देकर दमकल वाहन बुलाने की कोशिश की। संजय कुमार जैन का दावा है कि दमकल वाहन करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचा। तब तक आग आसपास की दुकानों तक फैल चुकी थी। उनके मुताबिक एक दुकान में करीब 75 लाख से एक करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान है। जिस कुर्ता-पायजामा की दुकान में आग लगी, वह भी हाल ही में शुरू हुई थी।
अतिक्रमण से दमकल को रास्ता मिलने में परेशानी
आग की घटना के बाद व्यापारियों ने न्यू मार्केट में अतिक्रमण को लेकर भी नाराजगी जताई। संजय कुमार जैन ने आरोप लगाया कि न्यू मार्केट चौराहे पर अतिक्रमण और मंदिर के सामने जाम की स्थिति के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई।
घटना के बाद व्यापारियों ने महापौर मालती राय और विधायक भगवानदास सबनानी के सामने न्यू मार्केट में अवैध तरीके से लगने वाली दुकानों और अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। व्यापारियों ने कहा कि बाजार में आपात स्थिति में दमकल और अन्य राहत वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह रहना जरूरी है।
विधायक सबनानी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह हादसा सभी के लिए सबक है। उन्होंने कहा कि न्यू मार्केट को जल्द ही अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं के दौरान राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।
बालाजी छोले-भटूरे की दुकान खेड़ापति हनुमान मंदिर के ठीक पीछे स्थित है। दुकान और मंदिर के बीच दीवार होने के कारण आग मंदिर परिसर तक नहीं पहुंच सकी। आग लगते ही दुकान और आसपास मौजूद लोग बाहर निकल आए। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद प्रभावित दुकान और आसपास के क्षेत्र में जांच की गई, ताकि कहीं कोई चिंगारी या गर्म हिस्सा बचा न रह जाए और दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

